
बिजनौर। नूरपुर व कैराना उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। सभी पार्टी कार्यकर्ता व दिग्गज नेता गांव-गांव जाकर लोगों से वोट देने की अपील कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।
इसके चलते अब बुधवार 24 मई को नूरपुर में सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। जनसभा स्थल पर मंच बनाने से लेकर हैलीपैड बनाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। सुरक्षा भी चाक चौबंद रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
दरअसल, नूरपुर विधानसभा सीट से विधायक लोकेंद्र चौहान की सड़क दुर्घटना में मौत होने के बाद यह सीट खाली है। जिसके लिए 28 मई को उपचुनाव होना है। यहां भाजपा ने दिवंगत लोकेंद्र चौहान की पत्नी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं सपा-रालोद ने नईमूल हसन को मैदान में उतारा है। सीएम योगी भाजपा प्रत्याशी अवनी सिंह के समर्थन में खालसा इंटर कालेज नूरपुर में एक जनसभा को सबोधित करेंगे। पार्टी के नेता दीप सिंह ने बताया कि सीएम योगी बुधवार को 3 बजे यहां पहुचेंगे। इसके लिए पार्टी द्वारा तैयारियां पूरी तरह से जोरों पर हैं।
बता दें कि सीएम की सभा के लिए मंच बनकर तैयार हो गया। लोगों के बैठने के लिए पंडाल लगाने का काम भी जोरों से चल रहा है। कुर्सियां आदि लगाने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही सीएम के हैलीकॉप्टर उतरने के लिए सभा की बगल में ही हैलीपैड बनाने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है।
अधिकारी भी मौके पर जाकर सभास्थल का दौरा कर चुके हैं। सभा में सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए 18 सीओ और दो एएसपी के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है।
Published on:
23 May 2018, 2:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.