
छेड़छाड़ से तंग नाबालिग लड़की ने किया आत्मदाह, परिवार इंसाफ के लिए काट रहा चक्कर
बिजनौर। यूपी में भले ही योगी सरकार बन गई हो और सत्ता का निजाम भी बदल गया हो, लेकिन बिजनौर पुलिस का रवैया बदलने का नाम नहीं ले रहा है। बिजनौर में आये दिन लोगों को इन्साफ पाने के लिए अफसरों और थाना के चक्कर लगाने पड़ते हैं। जिसके चलते लड़कियों को आत्मदाह जैसा खौफनाक कदम तक उठाना पड़ रहा है ।
यह भी पढ़ें : छात्र ने भाजपा विधायक बन एसपी सिटी को किया फोन और बोला ध्यान से सुनो...
दरअसल, जनपद के शिवाला कला थाना इलाके के गांव में मिटटी का तेल डालकर एक नाबालिक लड़की ने घर के अंदर आग लगा कर आत्मदाह कर लिया। परिजन पीड़ित लड़की को निजी अस्पताल में लेकर गए तो डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया है। बताया जा रहा है कि लड़की के साथ गांव के ही 3 दबंगो ने छेड़छाड की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पीड़ित लड़की ने लोकलाज के चलते ये खौफनाक कदम उठाया।
परिजनों का आरोप है कि जब वह रिपोर्ट लिखाने थाने गए तो थानेदार ने परिजनों को ही जेल भेजने की धमकी दे डाली और किसी तरह की कार्रवाई नहीं की। वहीं पुलिस के आला अफसर इस मामले में कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।पीड़िता के भाई ने बताया कि वह शिवाला कला थाना इलाके के गांव का रहने वाला है। मंगलवार को उसकी नाबालिग बहन पास के ही घर में कुछ सामान लेने गई थी। जहां पर पहले से ही मौजूद 3 दबंगो ने उसके साथ छेड़छाड की। जब उसने छेड़छाड का विरोध किया तो दबंगो ने पीड़िता के साथ जमकर मारपीट की। लोकलाज की वजह से उसकी बहन ने घर के अंदर देर रात आत्मदाह कर लिया।
परिजन उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल गए तो वहां लड़की को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब वह सुबह थाने में रिपोर्ट लिखाने गए तो शिवाला कलां थाना के एसओ ने उन्हें यह कह दिया कि लड़की को तुमने ही मार दिया है, तुमको जेल भेजा जाएगा। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने मीडिया के सामने आकर इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 3 लड़को के खिलाफ धारा 376 में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच के बाद जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
23 May 2018, 8:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.