
समाजवादी पार्टी के नेता संग जुआ खेलते हुए 12 गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की गैंगस्टर की कार्रवाई
बिजनौर. क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बारह हाई-प्रोफाइल सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, बिजनौर में काफी लम्बे समय से क्राइम ब्रांच को नगर में सट्टेबाजों द्वारा खेले जा रहे सट्टे की सूचना मिल रही थी। इसी सिलसिले में देर रात क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने कोतवाली शहर के ग्राम लडपुरा में एक पूर्व प्रधान के घर छापेमारी करते हुए बारह सट्टेबाजों को नकदी और ताश की गद्दियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सट्टेबाजों में कुछ हाई-प्रोफ़ाइल जुआरी भी शामिल हैं। समाजवादी पार्टी का एक नेता और बिजनौर नगरपालिका का एक कर्मचारी भी जुआरियों में शामिल है। पुलिस द्वारा पकड़े गए बारह जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजनौर में देर रात क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस द्वारा छापेमारी करते हुए कोतवाली शहर के ग्राम लडपुरा में पूर्वप्रधान के घर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बारह जुआरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने जुए की 87 हजार रुपए की नकदी, ताश की गड्डियां और लैपटॉप बरामद किया है। क्राइमब्रांच द्वारा पकड़े गए बारह जुआरियों में एक सपा नेता और एक सरकारी नगरपालिका कर्मचारी भी शामिल हैं।
देर रात पुलिस की ओर से की गई इस बड़ी कार्रवाई से नगर के अन्य जुआरियों में हड़कंप मच गया है। पकड़े गए बारह जुआरियों को छुड़ाने के लिए कोतवाली सिटी में कुछ हाई-प्रोफाइल लोगों की भी भीड़ देखने को मिली। सोमवार को सुबह से ही कोतवाली परिसर में जुआरियों को छुड़वाने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। वहीं, सीओ महेश कुमार का कहना है की पकड़े गए बारह जुआरी में कुछ रसूखदार भी शामिल हैं। पकड़े गए सभी जुआरियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी जुआरी को छोड़ा नहीं जाएगा।
Updated on:
29 Oct 2018, 6:28 PM IST
Published on:
29 Oct 2018, 6:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.