नगर निगम और नगर विकास न्यास में जिस प्रकार संबंधित अधिकारियों के पद खाली पड़े है और ढिलाई बरती जा रही है, उसको देखते हुए नहीं लगता है कि प्रशासन शहरों के संग अभियान के दौरान आमजन को शिविरों का पूरा लाभ मिल पाएगा। हालांकि संबंधित विभागों के अधिकारी पट्टे जारी करने की बात कह रहे है, लेकिन बिना जोनल प्लान किस प्रकार पट्टे जारी होंगे, इस पर अधिकारी मौन साधे हुए है। इस बार सरकार ने रियासतकालीन पट्टों को लेकर 69 (क) के तहत लाभ आमजन को देने का निर्णय लिया है, लेकिन इस व्यवस्था का पूरा लाभ आमजन को मिल सकेगा, इस पर संशय भी बना हुआ है।