बीकानेर. अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस ने कार्रवाई कर दो युवकाें को गिरफ्तार किया है। युवकों के पास से हथियार व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तीन थानों की पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ देशनोक थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुनील कुमार ने बताया कि जामसर एसएचओ पवन कुमार सिंह को अवैध हथियार बीकानेर आने की सूचना मिली। एसएचओ की सूचना पर देशनोक थाने को अलर्ट किया गया। देशनोक, जामसर व कोतवाली एसएचओ के साथ डीएसटी टीम के सदस्यों ने मंगलवार शाम को देशनोक थाना क्षेत्र में देशनोक-जेगला फांटे के पास घेराबंदी कर दो युवकों को दबोचा। पुलिस टीम ने पलाना निवासी पवन 22 पुत्र नारायणराम जाट, बरसिंहसर निवासी बजरंग उर्फ विजयपाल 22 पुत्र हरदीनराम जाट को पकड़ने के बाद उनकी तलाशी ली। आरोपियों के पास तीन पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया वहीं हथियारों को जब्त कर लिया।