
बीकानेर। इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) सहित प्रदेश के अन्य महाविद्यालयों में केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया रीप-2023 के तहत होने वाले प्रवेश के लिए अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। ईसीबी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि इससे पहले फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि 28 जून थी तथा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 जून थी। जारी कार्यक्रम के अनुसार, विद्यार्थी अब 5 जुलाई तक फीस जमा करवा सकेंगे तथा 7 जुलाई तक फॉर्म भर सकेंगे। संस्थान एवं ब्रांच विकल्प 10 से 18 जुलाई के बीच भरे जाएंगे।
इन चरणों में होगी प्रवेश प्रक्रिया
रजिस्ट्रार राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि पहले और दूसरे चरण में ट्यूशन फीस वेवर स्कीम वाले अभ्यर्थियों का आवंटन व रिपोर्टिंग होगी। इसके बाद में राजस्थान के बाहर के अभ्यर्थी, दिव्यांगजन व कश्मीरी माइग्रेंट अभ्यर्थियों का आवंटन, फिर राजस्थान के अभ्यथियों का आवंटन किया जाएगा।
इन्हें मिलेगी वरीयता
जेईई मेंस में न्यूनतम 20 परसेंटाइल प्राप्त अभ्यर्थियों को एडमिशन में प्रथम वरीयता मिलेगी। वहीं बारहवीं के प्राप्त अंकों के आधार पर बची हुई सीटों पर एडमिशन होंगे।
विद्यार्थियों को मिलेगा मौका
केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि में बढ़ोतरी से प्रवेश लेने से चूके विद्यार्थियों को मौका मिलेगा। इससे पहले कई विद्यार्थी ऐसे थे, जो फीस जमा नहीं करवा सके थे। ऐसे में वंचित विद्यार्थियों को एक और मौका मिल सकेगा। इसके अलावा विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क का भी गठन किया गया है। -डॉ. मनोज कुड़ी, प्राचार्य, ईसीबी
Published on:
30 Jun 2023 07:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
