
खाजूवाला. ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती को लेकर सोमवार को किसानों ने विद्युत निगम का घेराव किया। यहां सहायक अभियन्ता को ज्ञापन सौंपकर मांगें मानने की अपील की गई। जगविन्द्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। इससे पानी के अभाव में फसल खराब हो रही है। कृषि कनेक्शनों में सुबह 5 से 11 बजे तक बिजली रहती है जो पर्याप्त नहीं है।
नहरों में पानी नहीं होने के कारण अब किसानों को कुओं का सहारा लेना पड़ रहा है। यदि विभाग भी अब बेरूखी दिखाएगा तो किसान बर्बाद हो जाएंगे। खाजूवाला क्षेत्र के अघोषित विद्युत कटौती को लेकर किसान विद्युत निगम के कार्यालय पहुंचे और मांगों को लेकर अधिशासी अभियंता के नाम का ज्ञापन सहायक अभियंता को सौंपा। किसान नन्द सिंह ने बताया कि खाजूवाला क्षेत्र में सिचाईं के लिए अघोषित कटौती को लेकर किसानों ने आक्रोश जताया है।
यहां सिंचाई के लिए बिजली पहले 24 घंटे दी जाती थी। अब मात्र 6 घंटे दी जा रही है। किसानों ने कहा कि सिचाईं के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिली तो किसान बिजली की मांग को लेकर आंदोलन करेगे। इस अवसर पर हरमाल, नारायणराम, प्रमेश्वर, कानाराम, मूलाराम, महेन्द्र, गुलशनराम सहित बड़ी संख्या मंे किसान मौजूद थे।
आपूर्ति बाधित रहेगी
खाजूवाला. क्षेत्र में विद्युत निगम ने बिजली का समय निर्धारित किया है। सहायक अभियन्ता सतीश कुमार ने बताया कि सुबह 5 से 9 बजे तक सिंगल फेस सप्लाई चालू रहेगी तथा 9 से शाम 5 बजे तक विद्युत कटौती रहेगी। शाम 5 से रात्रि 11 बजे तक थ्री फेस सप्लाई चालू रहेगी। रात्रि 11 से सुबह 5 बजे तक विद्युत कटौती रहेगी। यह आपूर्ति मार्च तक ऐसे ही रहेगी।खपत बढऩे से कटौती की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में फीडरों का घटा 35 प्रतिशत से ऊपर जा रहा है।
वंचित ढाणियों में कनेक्शन की मांग
नोखा. मोरखाणा में अनुसूचित जाति के लोगों की वंचित ढाणियों में विद्युत कनेक्शन की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने यहां जोधपुर डिस्कॉम प्रबंध निदेशक के नाम अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में शामिल कुम्भाराम, हरिराम, रूपाराम, नवरत्न, विजयङ्क्षसह आदि ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चार वर्षों में कई बार गुहार लगाने के बावजूद अभी तक कनेक्शन नहीं मिले है।