
बीकानेर. राज्य में प्रारंभिक शिक्षा के १२ हजार से अधिक तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानान्तरण के बाद हर जिले से बड़ी संख्या में शिक्षक परिवेदनाएं लेकर जिला शिक्षा अधिकारियों के पास एवं प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय पहुंच रहे हैं। परिवेदनाएं १५ मई तक ली जाएंगी। इस बीच शिक्षा निदेशक ने लिपिकीय त्रुटि से होने वाली गलती में सुधार का कार्य जिला अधिकारी स्तर पर करने के निर्देश देने का निर्णय किया है। अभी तक राज्यभर में करीब ८०० परिवेदनाएं डीईओ स्तर पर मिली हैं। निदेशक स्तर पर लिपिकीय त्रुटि सम्बन्धी परिवेदनाओं का तुरन्त निस्तारण की व्यवस्था की गई है।
प्रारंभिक शिक्षा में स्थानान्तरण आदेशों में सर्वाधिक लिपिकीय त्रुटियां सामने आई हैं। कहीं जन्म तिथि गलत है तो कहीं विषय की त्रुटि है। वर्तनी सम्बन्धी गलतियों से नाम में गड़बड़ी हो गई है। वहीं स्कूल का नाम व स्थान गलत लिखा गया है। कई स्कूल क्रमोन्नत हो गए, लेकिन उन्हें ऑनलाइन नहीं करने से पुराने स्टेट में स्थानान्तरण कर दिया गया है। ऐसी परिवेदनाएं भी हैं, जिसमें आवेदक का वांछित स्थान पर तबादला नहीं किया गया है।
निस्तारण की तैयारी
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में पहली बार बड़ी संख्या में एक साथ शिक्षकों के तबादले हुए हैं। इन तबादला आदेशों में लिपिकीय त्रुटियां एवं मानवीय भूलों के चलते परिवेदनाएं आ रही हैं। इन्हें जिला शिक्षा अधिकारी स्तर पर ही सुधारने के निर्देश जारी किए जाएंगे। बाकी परिवेदनाओं के निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।
श्याम सिंह राजपुरोहित, निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर