बीकानेर. कोरोना के बाद से बंद पड़ी प्रदेश की एकमात्र साइकिल अकादमी का ताला अब फिर से खोलने को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है। कोरोना से पहले किराए के भवन में यह अकादमी आयोजित होती थी, लेकिन कोरोना की वजह से इसको बंद कर भवन को खाली कर दिया गया था। कुछ समय पहले इसके स्थाई भवन को लेकर प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। प्रदेश के कई जगहों के खिलाड़ी इस अकादमी में अभ्यास करते थे। लेकिन इसके बंद होने के कारण खिलाडिय़ों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार मई में इसका ट्रायल आयोजित होगा, इसके बाद एक बार फिर से यह शुरू हो सकेगी। हालांकि अकादमी का खुद का भवन नहीं होने के कारण एक बार फिर यह किराए के भवन में ही संचालित होगी।