8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

400 से अधिक दुकानदार पटाखें बेचने को तैयार

दीपावली - साढ़े तीन सौ से अधिक आवेदकों ने अस्थाई लाइसेंस के लिए किया आवेदन      
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बीकानेर

•

image

Vimal Changani

•

Updated: 31 Oct 2021, 4:09 PM IST

400 से अधिक दुकानदार पटाखें बेचने को तैयार

400 से अधिक दुकानदार पटाखें बेचने को तैयार

बीकानेर. दीपावली पर हजारों किलोग्राम बारूद से तैयार पटाखे छोड़े जाएंगे। पटाखा व्यवसाय से जुड़े व्यवसायी और दुकानदार पटाखों की बिक्री के लिए तैयार है। पटाखा बेचने के लिए जरुरी लाइसेंस के लिए इन्होंने जिला प्रशासन के समक्ष अपने आवेदन प्रस्तुत कर दिए है। बताया जा रहा है कि जिले में साढे़ तीन सौ से अधिक आवेदकों ने अस्थाई लाइसेंस के लिए आवेदन किए है। जबकि जिले में पहले से ही 64 स्थाई लाइसेंस प्राप्त पटाखा व्यवसायी है। इन दुकानदारों और व्यवसायियों के माध्यम से शहर के गली, मोहल्लों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पटाखों की बिक्री की जानी है। जिला प्रशासन की ओर से इनको लाइसेंस दिए जाने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि प्रशासन ने हर बार की तरह इस बार दीपावली की रात महज दो घंटे ही पटाखे छोडऩे की अनुमति दी है, लेकिन पटाखा व्यवसाय से जुड़े लोग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए प्रशासन के सम्पर्क में है। बताया जा रहा है जल्द इनको लाइसेंस जारी किए जाएंगे। एसोसिएशन सचिव वीरेन्द्र किराडू के अनुसार जिले में 72 स्थाई लाइसेंसधारी विक्रेता है। जिनमें 40 बीकानेर शहरी क्षेत्र में है।

खुले स्थानों पर नहीं लगेगी दुकाने

दीपावली के अवसर पर इस बार शहर के मोहल्लों और कॉलोनी क्षेत्रों में पटाखों की दुकानें लग सकेंगी। अगले साल से खुले मैदानों में एक स्थान पर दुकानें लगेगी। इसको लेकर शुक्रवार को जिला प्रशासन और बीकानेर फायर वक्र्स एसोसिएशन के बीच वार्ता हुई और आपसी सहमति बनी। शुक्रवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलक्टर नमित मेहता और अतिरिक्त जिला कलक्टर अरुण कुमार शर्मा से मुलाकात कर नई व्यवस्था पर आपत्ति जताई और बताया कि इस बार दीपावली के दिन केवल दो घंटे आतिशबाजी की अनुमति है। प्रशासन की ओर से चिह्नित स्थानों पर दुकानें लगाना पटाखा व्यापारियों के लिए आर्थिक कठिनाईयों वाला रहेगा। इस बार आवेदित स्थलों पर भी दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। प्रशासन की ओर से निर्धारित की गई व्यवस्था अगले साल से शुरू की जाए। इस पर जिला कलक्टर मेहता ने पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित मापदंडो, सुरक्षा नियमों और जहां फायर ब्रिगेड पहुंच सकती है, एेसे स्थानों पर दुकानें लगाने पर सहमति प्रदान की।

पटाखा व्यवसायियों ने किया प्रदर्शन

बीकानेर फायर वक्र्स एसोसिएशन के बैनर तले पटाखा व्यवसाय से जुड़े व्यवसायियों व दुकानदारों ने शुक्रवार को प्रशासन की नई व्यवस्था से नाराज होकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। एक तरफ जहां पटाखा व्यवसायी विरोध प्रदर्शन की तैयारी में थे, वहीं दूसरी ओर अम्बेडकर भवन में जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित तीन स्थानों पर दुकानों के आंवटन के लिए लॉटरी निकालने की प्रक्रिया को भी शुरू कर दिया गया।

तीन स्थान किए थे निर्धारित
जिला प्रशासन ने इस बार पटाखों की दुकानों के लिए शहर में तीन स्थान निर्धारित किए थे। एम एम ग्राउंड, ग्रामीण हाट और जवाहर स्कूल के पास खुले स्थान पर दुकानें लगाने के लिए स्थान निर्धारित किए थे। गली, मोहल्लों, बाजारो और कॉलोनी क्षेत्रों में जगह-जगह लगने वाली दुकानों से हो सकने वाली संभावित खतरे को मद्देनजर रखते हुए ये स्थान तय किए गए थे।

दो घंटे आतिशबाजी

दीपावली के अवसर पर शहर में आमजन को रात 8 से 10 बजे तक ही ग्रीन आतिशबाजी की अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त पूरी तरह से पटाखों पर प्रतिबंध रहेगा। शहर के महत्वपूर्ण मार्गों महात्मा गांधी मार्ग, स्टेशन रोड, गंगाशहर रोड दाऊजी रोड, सट्टा बाजार गली ,लाभूजी कटला, बड़ा बाजार ,तोलियासर भैंरुजी गली, कपड़ा बाजार गंगा शहर क्षेत्रों में पटाखे और आतिशबाजी के प्रयोग को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है।