
girl's death
बीकानेर. गंगाशहर थाना क्षेत्र की चौधरी कॉलोनी में सोमवार सुबह घर में स्नानघर से नहाकर निकलते समय पैर फिसलने से एक बच्ची पानी की हौद में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में गंगाशहर पुलिस मौके ने मौका मुआयना किया और घटना की जानकारी ली। एएसआई शिवशंकर ने बताया कि गोरखपुर हाल चौधरी कॉलोनी रोड नंबर सात स्थित भैंरूजी मंदिर के पास रहने वाले मार्कण्डेय भगत की आठ वर्षीय पुत्री रागिनी व उसकी पत्नी सुबह घर पर अकेली ही थी।
उसकी पत्नी रसोई में काम कर रही थी। रागिनी नहाने के लिए स्नानघर में चली गई। वह नहाकर निकली तो पैर फिसल गया और वह आंगन में बने जलहौद में गिर गई। जलहौद पर ढक्कन नहीं था। बच्ची के जलहौद में गिरने की आवाज से उसकी मां दौड़कर बाहर आई। उसने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही। तब उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से बच्ची को बाहर निकाल कर पीबीएम के ट्रोमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बच्ची का शव बिना पोस्टमार्टम कराए ही ले गए।
घर में सबसे छोटी थी रागिनी
एएसआई शिवशंकर के मुताबिक मार्कण्डेय के पांच बच्चों में चार लड़के और एक लड़की रागिनी थी, जो सबसे छोटी थी। वह घर में सबकी चहेती थी। वह स्कूल जाने की तैयारी में लगी थी। हाल ही उसने किताबें व ड्रेस ली थी। हादसे के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
व्यक्ति का शव मिला
बीकानेर. कोटगेट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव को पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। इस संबंध में व्यापारियों का मोहल्ला निवासी नसीम की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि मटका गली में एक व्यक्ति मृत पड़ा था। भीखारी जैसा व्यक्ति रैन बसेरे में रहता था।
Updated on:
03 Jul 2018 08:14 am
Published on:
03 Jul 2018 08:14 am
