बीकानेर. अखंड सुहाग की कामना को लेकर करवा चौथ पर्व २४ अक्टूबर को मनाया जाएगा। घरों व बाजारों में इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। महिलाओं ने सजने -संवरने से लेकर आभूषणों तक की खरीदारी शुरू कर दी है। करवा चौथ को लेकर बाजारों में विशेष भीड़ नजर आ रही है। करवा चौथ पर होने वाले पूजन के लिए मिट्टी व चीनी से बने करवा की दुकानें भी सज गई है। जूनागढ़ रोड, चौतीना कुआ के पास, जस्सूसर गेट, बड़ा बाजार, गंगाशहर सहित विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के बर्तनों की दुकानों पर मिट्टी से बने करवा सज गए है। महिलाएं इनकी खरीदारी कर रही है। वहीं जोशीवाड़ा सहित शहर में विभिन्न स्थानों पर संचालित हो रही चीनी उत्पादों की दुकानों पर चीनी से बने करवा की भी बिक्री हो रही है।