
यहां रातभर अवैध तरीके से बिकती है शराब
लूणकरनसर. उपखण्ड क्षेत्र के गांवों में पुलिस व आबकारी विभाग की अनदेखी के चलते रातभर अवैध तरीके से शराब बिक रही है। इस मामले को लेकर उपखण्ड प्रशासन को लगातार शिकायतें मिलने के बाद मंगलवार रात को मौके पर पहुंचकर दो गांवों में शराब बेचने के मामले पकड़कर कार्रवाई की गई।
उपखण्ड अधिकारी संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि गांवों में अवैध रूप से शराब बिकने की शिकायतों को लेकर मंगलवार शाम 7.30 बजे टीम के साथ दौरे पर निकले। इस दौरान खोडाला गांव में शराब के गोदाम में शराब विक्रय होती पाई गई। यहांरात 10 बजे तक शराब लेने वाले लोगों का आना-जाना लगा रहा है।
इसके बाद उपखण्ड अधिकारी वर्मा ने कालू थानाधिकारी सुरेश कुमार मील व आबकारी थाने के प्रभारी ताराचंद जाखड़ को मौके पर बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के बाद उपखण्ड अधिकारी वर्मा को रास्ते में कपूरीसर के 4 एमकेडी में सड़क के पास शराब के गोदाम में अवैध तरीके से शराब बिकती पाई गई। यहां भी उपखण्ड अधिकारी ने कालू एसएचओ व आबकारी पुलिस थाने के प्रभारी को बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
गोदामों का शराब की दुकानों में उपयोग नहीं हो
उपखण्ड अधिकारी वर्मा ने आबकारी थाने के प्रभारी ताराचंद जाखड़ को निर्देश दिए कि आबकारी विभाग सुनिश्चित करें कि ठेकेदारों द्वारा गोदामों का उपयोग शराब बेचने की दुकानों के रूप में नहीं होना चाहिए। इसके अलावा रात 8 बजे बाद किसी भी सूरत में शराब को विक्रय नहीं होना चाहिए।
गैर कानूनी व अनैतिक गतिविधियों पर रोक होगी
उपखण्ड अधिकारी वर्मा ने बताया कि आबादी क्षेत्र में गोदाम व शराब ठेकों पर किसी प्रकार की गैर कानूनी एवं अनैतिक गतिविधियां नहीं होने चाहिए। ऐसी स्थिति में बालिकाओं व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उपखण्ड प्रशासन गंभीर है तथा अवांछनीय गतिविधियों की रोकथाम को लेकर पुलिस व आबकारी पुलिस की जिम्मेवारी सौंपी गई है। ऐसी स्थिति में मामले पकड़े जाने पर गंभीर कार्रवाई की जाएगी।
निरन्तर विजिट करें
इलाके में किसी प्रकार की गैर कानूनी व अनैतिक गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। इसको लेकर क्षेत्र में निरन्तर विजिट की जाएगी।
संजीव कुमार वर्मा, उपखण्ड अधिकारी, लूणकरनसर
Published on:
1 Sep 2022, 1:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.