दिनेश स्वामी
पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नौ अक्टूबर को बीकानेर दौरे की कमान पूरी तरह संभाल ली है। भार्टी समर्थक इस दौरे को उनकी भाजपा में वापसी के अवसर के रूप में प्रचारित कर रहे हैं। जबकि भाजपा संगठन में भाटी को लेकर कोई हलचल नहीं है। संगठन की अंदरूनी चर्चा के मुताबिक भाटी ने खुद ही पार्टी छोड़ी थी, पार्टी से निकाले नहीं गए थे। ऐसे में जब चाहें, पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। उनकी वापसी का बड़े स्तर पर कोई आयोजन करने के मूड में संगठन नहीं है। पूर्व सीएम राजे के दौरे को लेकर भी अंदरखाने पार्टी समर्थक दो खेमों में बंटे हुए हैं। भाटी ने पूर्व सीएम राजे के देशनोक आने पर कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में अगवानी करने की जिम्मेदारी ली है। बीकानेर शहर और मुकाम दौरे के दौरान भी भाटी पूर्व सीएम राजे के साथ रहेंगे। इसके लिए भाटी ने लूणकरनसर, नोखा, कोलायत और बीकानेर शहर में समर्थकों के साथ बैठकें भी कीं। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, भाजपा शहर व देहात से भी भाटी को पार्टी में वापस लेने के लिए सुझाव भेजे गए हैं। हालांकि भाटी ने अभी भाजपा में अधिकारिक तौर पर वापसी करने की घोषणा नहीं की है।