
कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए। फोटो- पत्रिका
बीकानेर। जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से रैली निकाली और कलक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलक्टर के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान आरएलपी नेताओं ने पार्टी संयोजक हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा में कमी, पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाएं, किसानों की समस्याएं, नकली बीज के मामलों और कथित रिश्वत प्रकरण का मुद्दा उठाया।
यह वीडियो भी देखें
नेताओं ने इन मामलों में जल्द कार्रवाई की मांग की। आरएलपी नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सरकार से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। आरएलपी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं सौंपे गए ज्ञापन में सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा बहाल करने, पेट्रोल-डीजल-गैस की कीमतें कम करने, सरकारी विद्यालयों में नवीन भवनों का निर्माण, किसानों को फसलों का उचित दाम और सरकारी खरीद में कमीशनखोरी बंद करने, पेपर लीक रोकने, कानून व्यवस्था दुरुस्त करने तथा स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई।
इस प्रदर्शन में पार्टी के जिला संयोजक दानाराम घिंटाला, विजयपाल बेनीवाल, विवेक माचरा, प्रभुदयाल गोदारा, तुलसीराम डूडी, धर्मवीर गोदारा, जावेद कायमखानी, रामकुमार सियाग, धनाराम फौजी, इंदर सुथार, मनोज जाखड़, अशोक सारस्वत, सुनील बिश्नोई, ओमप्रकाश नायक और मनोज सिद्ध सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल रहे।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही नागौर से आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा व्यवस्था में सरकार ने बदलाव किया था। इसके तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के तीन पीएसओ को हटा दिया गया था। अब उनकी सुरक्षा में मुख्य रूप से नागौर जिला पुलिस के जवान ही तैनात रहेंगे। इस पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने सुरक्षा की मांग नहीं की, बल्कि प्रदेश के हजारों युवा हमेशा उनके साथ खड़े रहते हैं।
करीब एक साल पहले खुफिया एजेंसियों के अलर्ट के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। पिछले दिनों जयपुर के बिधून स्थित भैराणा धाम में आयोजित महापंचायत के दौरान हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के खिलाफ कथित अशोभनीय टिप्पणी की थी, जिसके बाद सियासत गरमा गई थी। सुरक्षा घटाने के मामले को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है।
Updated on:
15 Jun 2026 09:10 pm
Published on:
15 Jun 2026 02:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
