
बीकानेर: 51 दिन की छुट्टियों के बाद आज से स्कूलों में चहल-पहल
बीकानेर. गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार से सरकारी स्कूलों में रौनक शुरू हो गई। 51 दिनों की छुट्टियों के बाद विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं शुरू हुई। छुट्टियों के बाद पहले दिन स्कूल आने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
साथ ही स्कूलों की गतिविधियों की जानकारी देकर पाठ्य पुस्तकों का वितरण शुरू किया गया। बच्चों को सोमवार को स्कूल भेजने की तैयारियों में अभिभावकों का रविवार का दिन बीता। इससे पहले ९ मई को बालसभा के बाद गर्मी की छुट्टियां शुरू हो गई थी। करीब एक सप्ताह पहले स्कूलों में शिक्षक आने शुरू हो गए थे।
स्कूल जाने से पहले दिन रविवार को विद्यार्थियों ने अपने होम वर्क, स्कूल बेग, स्कूल ड्रेस आदि की सारसंभाल कर स्कूल जाने की तैयारियां शुरू कर दी। वहीं अभिभावकों ने भी छुट्टियों से पहले स्कूलों की ओर से भेजी किताबों, कॉपियों की सूची के अनुसार मिलान कर आवश्यकतानुसार चीजों की खरीदारी की। हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम की कई पुस्तकें बाजार में उपलब्ध नहीं होने के कारण अभिभावकों को एक दुकान से दूसरी दुकान के चक्कर काटने पड़े।
बाजार में भी रविवार को दुकाने बंद होने के बावजूद बच्चों के टिफिन और स्कूलों से जुड़ी सामग्री की दुकानों पर भीड़ लगी रही। छुट्टियों के दौरान सुबह देर से उठने वाले विद्यार्थी अथवा खेलने के लिए जाने वालों की दिनचर्या भी बदल जाएगी।
Published on:
01 Jul 2019 11:12 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
