वैक्सीन न आने तक मास्क ही वैक्सीन
मास्क बैंक की शुरुआत पर जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में कोरोना नियंत्रण में मास्क की भूमिका अहम रही है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन नहीं आने तक मास्क ही वैक्सीन है। मास्क की उपयोगिता को समझते हुए ही जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम के माध्यम से यह मास्क बैंक स्थापित किया गया है। मेहता ने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क नहीं रहे। महापौर सुशीला कंवर ने कहा कि प्रदेश का पहला मास्क बैंक बीकानेर में स्थापित होना, कोरोना के खिलाफ हमारी जंग का हिस्सा है। सतर्कता के कारण ही जिले में पॉजिटिव मामलों में लगातार कमी आ रही है।अभियान के जिला समन्वयक राजेन्द्र जोशी ने अभियान के तहत अब तक हुए कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर एडीएम सिटी सुनीता चौधरी, निगम आयुक्त पंकज शर्मा, यूआईटी सचिव मेघराज सिंह मीना, प्रशिक्षु आईएएस कनिष्क कटारिया, निगम भंडार अधीक्षक किशन गोपाल पुरोहित सहित विभिन्न संस्थाओं से जुडी महिला पदाधिकारी व आमजन मौजूद रहे।