9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आज होगा उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

नगर पालिका चुनावनोखा, देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिकाओं में सुबह 9 बजे से होगी मतगणना

2 min read
Google source verification
आज होगा उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

आज होगा उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

बीकानेर. जिले की तीनों नगर पालिकाओं में हुए मतदान के मतों की गणना रविवार को होगी। मतगणना के दौरान चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। तीनो नगर पालिकाओं में 28 जनवरी को मतदान हुआ था। मतगणना सुबह 9 बजे शुरू होगी। करीब दो घंटे में तीनो नगर पालिकाओं के सभी वार्डो के मतगणना के परिणाम सामने आने की संभावना है। तीनों पालिका क्षेत्रों में 110 वार्ड पार्षदों के निर्वाचन के लिए मतगणना होगी। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से मतगणना को लेकर सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। मतगणना स्थलों के अन्दर और बाहर कानून व्यवस्था संधारित करने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। तीनों नगर पालिकाओं में कुल 24 टेबल पर मतगणना होगी। नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ में 10 , नोखा में 9 तथा देशनोक में 5 टेबल पर मतगणना होगी। प्रत्येक टेबल पर दो-दो कार्मिक ईवीएम में डाले गए मतों की गणना करेंगे।

110 वार्ड पार्षदों का होगा निर्वाचन
जिले की तीनों नगर पालिकाओं में रविवार को होने वाली मतगणना के दौरान 110 वार्ड पार्षदों का निर्वाचन होगा। नगर पालिका नोखा में 45 वार्ड है, जबकि नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ में 40 तथा नगर पालिका देशनोक में 25 वार्ड है। इन सभी वार्डो में 28 जनवरी को मतदान हो चुका है।

हार-जीत के कयास शुरू
नगर पालिका चुनाव को लेकर हालांकि रविवार को मतगणना के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी, लेकिन तीनों नगर पालिका क्षेत्रों में राजनीतिक पार्टियों सहित निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थक और राजनीति में रूचि रखने वाले लोगों ने अपने-अपने हिसाब से हार-जीत के कयास लगाने शुरू कर दिए है। शनिवार को तीनों पालिका क्षेत्रों में नगर पालिका चुनाव परिणाम आपसी चर्चाओं का प्रमुख विषय रहा। मजबूत और जीत सकने वाले निर्दलीय उम्मीदवार भी चर्चा का विषय बने रहे।

निर्दलीयों पर नजर
नगर पालिका चुनाव को लेकर मतगणना से पहले ही प्रमुख राजनीतिक पार्टियों की मजबूत और जीत हासिल कर सकने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों पर नजर गडा दी है। स्पष्ट बहुमत न मिल सकने की स्थिति में निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन से बोर्ड बनाने की कवायद के तहत पार्टियों के प्रमुख नेताओं ने निर्दलीय उम्मीदवारों से सम्पर्क साधने के साथ मतगणना के बाद विजयी निर्दलीय उम्मीदवारों को अपने पार्षदों के साथ बाडेबंदी में रखने की योजना तैयार कर ली है।

कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
जिले की तीनों नगर पालिकाओं में रविवार को होने वाली मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था संधारित करने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नमित मेहता ने एक आदेश जारी कर राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कन्हैया लाल सोनगरा को नोखा नगरपालिका की मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था संधारित रखने के लिए राजकीय मांगीलाल बागड़ी महाविद्यालय में मतगणना स्थल के भीतरी क्षेत्र के लिए और विकास अधिकारी दिनेश चंद्र मिश्रा को मतगणना स्थल के बाहर के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट लगाया गया है।

देशनोक नगरपालिका में मतगणना राजकीय करणी उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगी। यहां मतगणना स्थल के भीतर के लिए अतिरिक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अशोक सांगवा को तथा मतगणना के बाहरी क्षेत्र के लिए सुनील छाबड़ा विकास अधिकारी बीकानेर को कार्यपालक मजिस्ट्रेट लगाया है। श्री डूंगरगढ़ नगरपालिका में मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ताल मैदान में होगी। मतगणना भीतरी क्षेत्र के लिए स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर के कपूर शंकर मान को जबकि मतगणना स्थल के बाहर कार्यपालक मजिस्ट्रेट का दायित्व विकास अधिकारी पांचू संपत लाल गोदारा संभालेंगे।