
बीकानेर/लूणकरनसर। तहसील के भादवागांव में चुनावी जंग में आपसी रंजिश के चलते दो व्यक्तियों पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने युवकों पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने एहतिहात के तौर पर गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी है।
लूणकरनसर सीआइ ईश्वरप्रसाद जांगिड़ ने बताया कि तहसील के ***** गांव में चुनाव को लेकर आपसी विवाद हुआ। शनिवार देरररात को गांव की गुवाड़ में ईमीलाल जाट पुत्र कुम्भाराम, भागीरथ पुत्र रतनाराम, राधेश्याम पुत्र गोरधनलाल, ओमप्रकाश पुत्र सुरजाराम, अशोक पुत्र मांगीलाल बैठे थे। तब एक गाड़ी में महेन्द्र पुत्र किशनलाल, अजीत पुत्र मोहनलाल, राजू पुत्र हरकाराम आए। उक्त लोगों ने ईमीलाल व भागीरथ पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया।
बाद में आरोपी महेन्द्र ने ईमीलाल व भागीरथ पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे भागीरथ बच गया लेकिन ईमीलाल पर गाड़ी चढ़ गई। इतना ही नहीं आरोपी ने ईमीलाल पर दो-तीन बार ऊपर से गाड़ी निकाली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए तब आरोपी गाड़ी लेकर भागने लगे। तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर मांगीलाल के घर की बाड़ को तोड़ते हुए घर में जा घुसी। गाड़ी में सवार अजीत व महेन्द्र वहां से भाग कर दूर खड़ी दूसरी गाड़ी में सवार होकर भाग गए जबकि राजूराम मेघवाल को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
एसपी पहुंचे गांव
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रहलादसिंह कृष्णियां सुबह भादवागांव पहुंचे। घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक ने गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों से अपील की तथा पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए।
भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
मृतक के भाई मंगलाराम पुत्र कुम्भाराम जाट की रिपोर्ट पर महेन्द्र, अजीत व राजू सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये हैं चुनाव मैदान में
भादवागांव में गायत्री देवी पत्नी राधेश्याम भादू तथा खिंयेरा से राधादेवी पत्नी किशनलाल कुलडिय़ा चुनावी मैदान में है। शनिवार रात को चुनावी रंजिश के चलते विवाद हुआ, जिसमें गांव के ईमीलाल जाट की गाड़ी से रौंदकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई के मुताबिक शनिवार दोपहर में वह अपने भाई ईमीलाल के साथ खियेरा से आ रहे थे। रास्ते में खिंयेरा निवासी किशनलाल पुत्र पदमाराम कुलडिय़ा मिला और उसने भाई ईमीलाल को धमकाया और खुद के पक्ष में प्रचार-प्रसार करने की बात कही। साथ ही कहा कि ऐसा नहीं किया तो अंजाम भुगतना होगा। इसी रंजिश के चलते शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वारदात को अंजाम दिया गया।
Updated on:
4 Oct 2020, 2:00 PM IST
Published on:
4 Oct 2020, 8:06 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.