1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

…तो राजस्थान में भी एक साथ होंगे सभी चुनाव, ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल?

One Nation One Election: केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने शनिवार को कहा कि देश 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की दिशा में आगे बढ़ चुका है। इससे संबंधित विधेयक लोकसभा में पेश किया जा चुका है और फिलहाल संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) इसका अध्ययन कर रही है।
2 min read
Google source verification
Union Minister Arjun Ram Meghwal

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने शनिवार को कहा कि देश 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की दिशा में आगे बढ़ चुका है। इससे संबंधित विधेयक लोकसभा में पेश किया जा चुका है और फिलहाल संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) इसका अध्ययन कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी एक साथ निकाय चुनाव कराए जाना इसी दिशा में एक सकारात्मक शुरुआत है। केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय के 40वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन की दिशा में कदम बढ़ चुके हैं। राजस्थान में भी एक साथ निकाय पालिका चुनाव हो रहे है। पहले बीकानेर नगर निगम के चुनाव अलग होते थे, लेकिन अब बीकानेर नगर निगम, श्रीडूंगरगढ़ और देशनोक के निकाय चुनाव एक साथ हो रहे हैं। उन्होंने इसे चुनावी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

नकल विरोधी कानून को लेकर कही ये बात

संसद में विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मेघवाल ने कहा कि सदन की गरिमा और आसन की मर्यादा बनाए रखना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाया। नकल विरोधी कानून पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद में लंबी चर्चा के बाद यह कानून बनाया गया है। इसका उद्देश्य पेपर लीक और नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि नए कानून में दोषियों के खिलाफ कड़े दंड का प्रावधान किया गया है, जिससे परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनेगी।

अब नशा मुक्त और नकल मुक्त राजस्थान बनाने का लक्ष्य: राज्यपाल

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश देंगे। राजस्थान सरकार भी नशा मुक्ति अभियान चला रही है। टीबी मुक्त के बाद अब नशा मुक्त और नकल मुक्त राजस्थान बनाने का लक्ष्य है। राज्यपाल ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणामों पर संतोष जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के लिए और प्रयास जरूरी है। केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

इस मौके पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर के स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े के साथ पौधरोपण किया। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों को प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।

अर्जुनराम मेघवाल को दी डॉक्टरेट की मानद उपाधि

केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय के 40वें स्थापना दिवस पर केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को डॉक्टरेट की मानद उपाधि दी गई। ऐसे में अर्जुनराम मेघवाल अब डॉ. अर्जुनराम मेघवाल बने। कृषि और सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें यह उपाधि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और एमजीएसयू के वीसी राजेंद्र बाबू दूबे ने दी। बता दें कि 2 दिन पहले एमजीएसयू ने राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजया राहटकर को भी मानद उपाधि दी थी।

रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

बता दें कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल अलसुबह बीकानेर पहुंचे। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं व पुष्पगुच्छ भेंटकर कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक, मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेघवाल, संतोष महाराज, किशना राम गोदारा, जेठमल नाहटा, गिरधारी सिंह तंवर, गजेंद्र सिंह भाटी, अंकित तंवर, शिव गहलोत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।