8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

संकरी गलियों से पूर्व सीएम राजे ने दिया बड़ा संदेश

- श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, गोपाल जोशी मेरे अभिभावक थे  
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बीकानेर

•

image

Atul Acharya

•

Updated: 11 Oct 2022, 9:16 AM IST

संकरी गलियों से पूर्व सीएम राजे ने दिया बड़ा संदेश

संकरी गलियों से पूर्व सीएम राजे ने दिया बड़ा संदेश

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को बीकानेर के पुराने शहर की संकरी गलियों में जाकर बड़ा राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया। रास्ते में महिलाओं ने कई जगह उनका स्वागत किया, जिसका उन्होंने प्रत्युत्तर भी दिया। पूर्व विधायक दिवंगत डॉ. गोपाल जोशी के निवास पर पहुंचकर राजे ने महिलाओं के बीच बैठकर शोक संवेदना जताई। इसके बाद साले की होली में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित किया। पुराना शहर बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आता है। यहां से विधायक डॉ. बीडी कल्ला प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री हैं। बीते तीन दशक में यहां जोशी के नेतृत्व में ही भाजपा आगे बढ़ी है।

पूर्व सीएम राजे ने रविवार व सोमवार के बीकानेर दौरे के दौरान जिले की सात में से छह विधानसभा क्षेत्रों में अपने समर्थकों तक पहुंचने का प्रयास किया। पहले दिन कोलायत, नोखा, बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में सभाओं को संबोधित किया। वहीं सोमवार को बीकानेर पश्चिम में श्रद्धांजलि सभा में जनता से रूबरू हुईं। लूणकरनसर और श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को साधने के लिए भाजपा देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद और लूणकरनसर के पूर्व विधायक दिवंगत माणिक चंद सुराना के घर जाकर शोक संवेदना प्रकट करने के माध्यम से अपने समर्थकों में ऊर्जा फूंकी।

गोपाल जोशी नहीं लड़ना चाहते थे चुनाव

पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने डॉ. गोपाल जोशी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. जोशी पिछला चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे। उन्होंने मना किया, तो मैंने कारण पूछा। इस पर डॉ. जोशी ने कहा था कि मेरी उम्र हो गई है, अब काम नहीं होता। जोशी का अभिभावक की भांति हमेशा हम पर आशीर्वाद रहा। राजे ने डॉ. जोशी के पौत्र विजय मोहन जोशी, पुत्र गोकुल जोशी समेत छोटू-मोटू जोशी परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। सभा में राजेन्द्र जोशी, मकसूद अहमद, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, त्रिलोकनारायण पुरोहित, गिरिराज जोशी, पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, कन्हैयालाल बोथरा, भिरजा महाराज, अनिल हर्ष, राम स्वामी, घेवर जोशी शामिल हुए।

गायों के लिए सौंपी दवाइयां

राजे ने सर्किट हाउस में भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह को लम्पी बीमारी से ग्रसित गायों के उपचार के लिए दवाइयों के दो कार्टन भेंट किए। उन्होंने कहा कि इन दवाइयों से बीमार गायों के उपचार में मदद की जाए। यह दवाइयां काफी महंगी होने से आम पशुपालक खरीद नहीं पा रहा है। सर्किट हाउस में ग्रामीणों से मिलकर राजे ने उनके ज्ञापन लिए। इस दौरान कई गांवों के सरपंचों ने भारतमाला सड़क परियोजना पर एन्ट्री प्वाइंट देने की मांग रखी।

भाटी और आचार्य के घर पहुंचीं

राजे पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के निवास पर पहुंची और उनकी माता मदन कंवर के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। इस दौरान अंशुमान सिंह भाटी, देवकिशन चांडक आदि मौजूद रहे। इससे पहले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य के निवास पर जाकर उनकी माता विमला देवी के निधन पर शोक जताया। इस दौरान ओम आचार्य, ब्रह्मदत्त, जेठमल, भवानी शंकर, नरोत्तम व्यास, भगवान अग्रवाल आदि मौजूद रहे।