
बिलासपुर/तखतपुर. व्यवहार न्यायालय परिसर तखतपुर में शनिवार सुबह तब हड़कंप मच गया, जब सेंट्रल जेल से पेशी में लाए गए लूटपाट के दो आरोपी पुलिस कर्मी को धक्का देकर दीवार फांदकर भाग निकले। पुलिस कर्मियों ने एक किलोमीटर तक दौड़ाकर एक आरोपी को धर दबोचा, जबकि दूसरा भाग निकला। बताया जाता है कि दोनों को हथकड़ी लगाकर रखा गया था। लेकिन वे अलग-अलग कैसे हुए इसे लेकर संशय की स्थिति है। सेंट्रल जेल बिलासपुर से शनिवार को आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के साथ तखतपुर और मुंगेली कोर्ट पेशी के लिए रवाना किया गया। तखतपुर न्यायालय परिसर में आरोपियों को उतारने के बाद पुलिस वैन अन्य आरोपियों को लेकर मुंगेली के लिए रवाना हो गई। इधर तखतपुर में आरोपियों के साथ तीन पुलिस कर्मी पेशी कराने के लिए उतरे। इस बीच आरोपी आरोपी पार्थो बाला पिता प्रणव बाला (24) व संपत साकेत उर्फ बंटी पिता किशन ने लघु शंका के लिए जाने की बात कही। दो सिपाही विष्णु कश्यप और मनीष सोलंकी वारंट लेकर कोर्ट के अंदर गए, जबकि एक आरक्षक माइकल एक्का आरोपियों को लेकर बाथरूम गया। इसी दौरान दोनों आरोपी उसे धक्का देकर परिसर की दीवार फांदकर भागने लगे। आरक्षक माइकल ने शोर मचाकर आरोपियों को पकडऩे की कोशिश की लेकिन वे भागने लगे।
सिपाहियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों व तखतपुर थाने को दी। एसडीओपी और थानेदार मौके पर पहुंचे। बिलासपुर से विशेष बल भी पहुंच गया। एक आरोपी पार्थो बाला का पीछा कर रहे पुलिस कर्मियों ने उसे पकडऩे की कोशिश की तो वह कोटला मैदान के पास नाले में कूद गया और झाड़ पर चढ़ गया। उसे पकडऩे के लिए आरक्षक कृष्ण कुमार मार्को भी नाले में कूदकर झाड़ पर चढ़ गया। दोनों में हाथापाई हुई, तभी वहां पहुंचे अन्य पुलिस कर्मियों ने आरोपी पार्थो बाला को दबोच लिया। वहीं दूसरा आरोपी संपत भाग निकला।
लूट के हैं आरोपी : बिलासपुर जूनीलाइन में रहने वाले रजनीकांत वर्मा और उनकी पत्नी सारिका वर्मा गत 2 अप्रैल 2017 को तखतपुर जा रहे थे कि कि रास्ते में दो आरोपियों ने उसका पीछा किया और लिदरी मेनरोड पर ठाकुर ढाबा के पास आरोपी सारिका के हाथ से पर्स लूटकर भाग निकले। पर्स में मोबाइल, सोने के गहने एवं नकद रकम थी, रिपोर्ट पर तखतपुर पुलिस ने धारा 356, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर मेनरोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे पर आए फुटेज के आधार पर आरोपी पार्थो बाला पिता प्रणव बाला (24) व संपत साकेत उर्फ बंटी पिता किशन को धर दबोचा। दोनों तोरवा हेमूनगर के रहने वाले हैं। इन्हीं दोनों को पुलिस तखतपुर व्यवहार न्यायालय में शनिवार को पेशी में लेकर आई थी जहां से दोनों भाग निकले। इनमें से आरोपी पार्थो बाला तो पकड़ा गया, लेकिन संपत साकेत फरार हो गया। दोनों के खिलाफ धारा 224 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
विशेष टीम ने नहीं किया प्रयास : आरोपियों के फरार होने की जानकारी मिलने पर विशेष टीम के पुलिस कर्मियों को आरोपियों को पकडऩे तखतपुर भेजा गया। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों की धरपकड़ करने के बजाए पुलिस कर्मी थाने में ही बैठे रहे। यदि टीम के पुलिस कर्मी प्रयास करते तो शायद दूसरा आरोपी भी पकड़ में आ सकता था।
पुलिस वैन के बजाए बाइक पर गए दो सिपाही : तखतपुर व्यवहार न्यायालय तक आरोपियों को ले जाने और पेशी कराकर वापस लाने के लिए तीन सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें से मनीष सोलंकी और विष्णु कश्यप पुलिस वैन के बजाए अपनी बाइक पर पहुंचे। आरोपियों की सुरक्षा में केवल माइकल एक्का ही वैन में रहा। यदि पुलिस कर्मी पुलिस वैन में आते तो शायद आरोपी भागने में कामयाब नहीं होते।
Published on:
8 Oct 2017, 11:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.