
Bilaspur Suicide Case: एक ही फंदे पर झूल रहे थे पति-पत्नी(photo-patrika)
Bilaspur Suicide Case: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर-12 स्थित एक किराए के मकान में पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब दोनों मासूम बच्चों के लगातार रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक कमरे तक पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुलते ही सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे किराए के मकान से दो बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने कमरे के अंदर देखा तो पति-पत्नी एक ही कमरे में फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के निवासी थे। वे अपने दो छोटे बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। रमेश सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन दंपति ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आर्थिक, पारिवारिक और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं। माता-पिता की मौत के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Updated on:
11 Aug 2026 02:40 pm
Published on:
11 Aug 2026 02:40 pm
