
Bilaspur Train Accident: तीन डिब्बे बेपटरी(photo-patrika)
Bilaspur Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा स्थित करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजर रही ट्रेन अचानक डिरेल होने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची तथा ट्रैक का निरीक्षण शुरू किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द ट्रैक बहाल कर रेल परिचालन सामान्य करने में जुटा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मालगाड़ी का इंजन आगे बढ़ गया, जबकि पीछे के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। चालक ने स्थिति का पता चलते ही ट्रेन को रोका। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावित ट्रैक को सुरक्षित किया और तकनीकी निरीक्षण शुरू कर दिया।
दुर्घटना के कारणों को लेकर अभी तक रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के पास चल रहे कार्य के दौरान एक जेसीबी मशीन का बकेट मालगाड़ी की चपेट में आ गया। आशंका है कि बकेट ट्रेन के नीचे फंसने के कारण डिब्बे पटरी से उतर गए। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी दावा किया कि कुछ लोग जेसीबी का बकेट लेकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे।
इसी दौरान मालगाड़ी वहां पहुंच गई और बकेट ट्रेन में फंस गया। हालांकि रेलवे प्रशासन ने अभी इन दावों की पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कही है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रैक बहाली और डिरेल हुए डिब्बों को हटाने का काम शुरू कराया। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर रेल परिचालन सामान्य किया जा सके।
रेलवे प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम ट्रैक, डिब्बों और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, बाहरी हस्तक्षेप या किसी अन्य कारण से हुआ।
Updated on:
13 Jul 2026 06:58 pm
Published on:
13 Jul 2026 06:58 pm
