
खूंखार कैदी का खुलासा, जानें किस राज्य के सीएम को दिया था जान से मारने की धमकी
बिलासपुर. केन्द्रीय जेल में डकैती और हत्या के 42 मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे खूंखार कैदी पुष्पेन्द्र नाथ चौहान ने ओडिशा सीएम नवीन पटनायक के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को भी पत्र भेजकर हत्या की धमकी देते हुए 50 करोड़ रुपए फिरौती मांगी थी। इसका खुलासा शनिवार को हुआ। पश्चिम बंगाल से सीआईडी के एसआई इस मामले में जांच व पूछताछ के लिए केन्द्रीय जेल पहुंचे। एसआई ने कैदी से 2 घंटे तक पूछताछ की और बयान दर्ज किया। जेल अधीक्षक एसएस तिग्गा के अनुसार, केन्द्रीय जेल में हत्या-लूट, डकैती समेत 42 मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे खूंखार कैदी पुष्पेन्द्र नाथ चौहान पिता शत्रुघनलाल चौहान (40) निवासी जांजगीर-चांपा को अगस्त 2018 में पेशी पर जिला न्यायालय भेजा गया था।
न्यायालय के लॉकअप से उसने ओडिशा सीएम नवीन पटनायक को धमकी भरा पत्र भेजा था, जिसमें सीएम पटनायक से 50 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर सीएम को जान से मरने की धमकी दी गई थी। ओडिशा इंटेलीजेंस ब्यूरो से धमकी भरा पत्र केन्द्रीय जेल और बिलासपुर एसपी आरिफ एच शेख को भेजा गया था। 2 सितंबर को एएसपी नीरज चन्द्राकर ने कैदी पुष्पेन्द्र नाथ चौहान से पूछताछ कर बयान दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया था।
पश्चिम बंगाल सीआईडी के पहुंचने से हुआ खुलासा : जेल अधीक्षक तिग्गा ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे पश्चिम बंगाल कोलकाता अलीरपुर से सीआईडी के एसआई अताउर रहमान केन्द्रीय जेल पहुंचे। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय जेल के कैदी पुष्पेन्द्र नाथ चौहान ने धमकी और फिरौती भरा खत पश्चिम बंगाल की मुख्य मंत्री ममता बनर्जी को भेजा है। पत्र में पुष्पेन्द्र नाथ ने मुख्य मंत्री की हत्या करने की धमकी देते हुए जान बचाने के बदले 50 करोड़ रुपए की मांग की है। पत्र देखने के बाद एसआई रहमान को बताया गया कि पुष्पेन्द्र नाथ ने ऐसा ही एक पत्र ओडिशा सीएम नवीन पटनायक को भी भेजा था, जिसकी जांच चल रही है। मामले में सिविल लाइन थाने में कैदी के खिलाफ अपराध भी दर्ज है।
आपराधिक प्रकरणों की ली जानकारी : एसआई रहमान ने कैदी पुष्पेन्द्र के खिलाफ दर्ज हत्या, डकैती, लूट समेत 42 प्रकरणों की जानकारी जेल प्रबंधन से मांगी। जेल प्रबंधन ने एसआई को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई, जिसमें 2 प्रकरणों में उसे आजीवन कारावास की सजा शामिल है। एसआई रिकार्ड लेकर कोलकाता लौट गया।
20 अगस्त को न्यायालय के लॉकअप से लिखा पत्र : जेल अधीक्षक तिग्गा ने बताया कि एसआई रहमान ने 2 घंटे तक पुष्पेन्द्र नाथ चौहान से पूछताछ की। कैदी ने पत्र लिख्खना स्वीकार किया। उसने बताया कि 20 अगस्त को जिला न्यायालय बिलासपुर में पेशी पर गया था, वहां न्यायालय के लॉकअप से ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीएम को धमकी भरा खत लिखकर अपने मित्रों के माध्यम से पोस्ट करवाया था। उसने बताया कि मशहूर होने के लिए उसने धमकी भरा खत मुख्यमंत्रियों को भेजा था। एसआई ने कैदी द्वारा लिखे गए दूसरे पत्रों से हैडराइटिंग का मिलान किया।
Published on:
30 Sept 2018 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
