27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘पॉलीथिन जब्त की तो भुगतोगे’ बिलासपुर में निगमकर्मी को धमकी, पार्षद के देवर पर FIR

Bilaspur Municipal Corporation: बिलासपुर में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करने पहुंची नगर निगम की स्वच्छता टीम के साथ गाली-गलौज और धमकी का मामला सामने आया है। पार्षद के देवर पर अभद्रता का आरोप है।
3 min read
Google source verification
Polythene Seizure

निगम कर्मचारी से गाली-गलौज (photo source- Patrika)

Polythene Seizure: शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलीथिन) के खिलाफ चल रहे नगर निगम के अभियान के दौरान विवाद खड़ा हो गया। पॉलीथिन जब्त करने पहुंची स्वच्छता टीम के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद के देवर ने मोबाइल फोन पर निगम कर्मचारी से अभद्र भाषा में बात की और कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया। घटना के बाद स्वच्छता निरीक्षक ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंचे, जहां शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Municipal Corporation Bilaspur: जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी

यह पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। नगर निगम की स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के निरीक्षक पवन भैयालाल चौहान के अनुसार, निगम की टीम शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नियमित अभियान चला रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार दोपहर टीम सिरगिट्टी क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण कर रही थी। दोपहर करीब 12:50 बजे टीम यदुनंदन नगर, तिफरा स्थित अपना मार्ट के पास एक डेयरी दुकान पर पहुंची। जांच के दौरान दुकान से लगभग पांच किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलीथिन) बरामद हुई। इसके बाद नगर निगम की टीम ने नियमानुसार जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी।

दुकानदार ने पार्षद के देवर से कराई बात

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान दुकानदार ने वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद सीमा संजय सिंह के देवर मुन्ना सिंह से मोबाइल पर बात कराई। आरोप है कि बातचीत के दौरान मुन्ना सिंह ने निगम कर्मचारी से जुर्माना नहीं देने की बात कही और फोन पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, कार्रवाई जारी रखने पर कथित रूप से धमकी भी दी गई।

नगर निगम के कर्मचारियों का कहना है कि वे शासन के निर्देशानुसार प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही थी। ऐसे में इस तरह की अभद्रता और दबाव बनाने की कोशिश से कर्मचारियों में नाराजगी है।

Single Use Plastic Ban: ऑडियो रिकॉर्डिंग बनी अहम सबूत

घटना के बाद स्वच्छता निरीक्षक पवन चौहान सीधे सिरगिट्टी थाने पहुंचे। उन्होंने मोबाइल में मौजूद ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुन्ना सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की जाएगी। यदि रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों से आरोपों की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर लगाए वसूली के आरोप

वहीं मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। पार्षद सीमा संजय सिंह के देवर मुन्ना सिंह ने नगर निगम की स्वच्छता टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निगम कर्मचारी कार्रवाई के नाम पर दुकानदारों पर अनावश्यक दबाव बनाते हैं और अवैध वसूली करते हैं। उनका दावा है कि व्यापारी इसी वजह से विरोध करते हैं। हालांकि, नगर निगम ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि पूरी कार्रवाई शासन के निर्देशों और निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

Chhattisgarh News: शहर में लगातार चल रहा है पॉलीथिन के खिलाफ अभियान

नगर निगम पिछले कई महीनों से शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चला रहा है। इस दौरान दुकानों और प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।