
Road accident demo pic
Road Accident: बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार मां और उसकी छह माह की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद मौके पर हडक़ंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुआं बोड़सरा निवासी अशोक यादव अपनी पत्नी शिवरात्रि यादव और छह माह की बेटी कनिका यादव के साथ बुधवार सुबह अपने घर लौट रहे थे।
सुबह करीब 8.45 बजे वे मस्तूरी थाना अंतर्गत स्टेट बैंक के सामने जयरामनगर मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से मुलमुला की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 08 डब्ल्यू 1435 ने उनकी बाइक (होंडा सीबी शाइन) को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और ट्रक के पिछले पहिए के नीचे मां और मासूम बेटी आ गईं। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद का दृश्य बेहद मार्मिक था। पत्नी और छह माह की मासूम बेटी की लाश सडक़ पर पड़ी थी और अशोक यादव वहीं बैठकर दोनों को गले लगाकर फूट-फूट कर रोता रहा। वह बार-बार उन्हें उठाने की कोशिश करता रहा। यह हृदय विदारक दृश्य देख मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
Updated on:
19 Feb 2026 09:50 am
Published on:
19 Feb 2026 09:50 am
