
,
मुंबई। बॉलीवुड में किसी भी कलाकार या निर्माता-निर्देशक से जब उनकी फ्लॉप मूवीज के बारे में पूछा जाता है, तो उनका टका सा जवाब होता है कि कलाकार के लिए हर मूवी अच्छी ही होती है। दर्शक चाहे पसंद करें या नहीं। हालांकि बॉलीवुड के ही कुछ कलाकार ऐसे हैं, जिन्होंने न केवल अपनी फिल्मों की असफलता को स्वीकार किया बल्कि उन्हें 'बेकार' बता, अफसोस भी जताया। आइए जानते हैं किस कलाकार ने किस मूवी के लिए जताया अफसोस-
सैफ अली खान
अभिनेता सैफ अली खान ने एक फिल्म की थी, जिसका नाम था 'हमशकल्स'। एक इंटरव्यू में सैफ ने बताया था कि ये फिल्म करना उनकी एक गलती थी। उन्होंने कहा,'इसे देखकर मैंने सोचा, मैं इस मूवी में क्या कर रहा था। मुझे महसूस हो गया कि मैंने अपने फैंस को निराश कर दिया है। 2014 में आई इस फिल्म को साजिद खान ने निर्देशित किया था।
शाहिद कपूर
एक बार शाहिद कपूर से पूछा गया कि ऐसे कौनसी फिल्म है, जिसे करने का उन्हें पछतावा है। इस पर शाहिद ने बिना झिझक के कहा कि इस लिस्ट में फिल्म 'शानदार' (2015) सबसे उपर है। एक्टर ने इसी तरह की अपनी दूसरी फिल्म का नाम भी लिया। शाहिद ने कहा कि 'चुप चुप के' फिल्म भी वह नहीं करना चाहते थे। वहीं, उनकी एक अन्य फिल्म 'वाह! लाइफ हो तो ऐसी' को लेकर उन्होंने कहा कि उनका मानना था कि ये एक इंटरनेशनल लेवल की मूवी बनाई जा रही है, लेकिन टीम के पास उस तरह की कंप्यूटर ग्राफिक्स की स्कील नहीं थी।
कैटरीना कैफ
कैटरीना कैफ की डेब्यू फिल्म 'बूम' साल 2003 में रिलीज हुई थी। इस मूवी में कैटरीना की भूमिका की काफी आलोचना हुई थी। कैटरीना ने इस बारे में कहा था कि जब ये फिल्म उन्होंने साइन की थी, तब उन्हें इंडियन कल्चर और परंपरा की जानकारी नहीं थी। अगर मुझे ये बस पता होता, तो शायद ये मूवी न करती। बता दें कि इस मूवी को जैकी श्रॉफ की पत्नी आयशा श्रॉफ ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म फ्लाप रही और घाटे के चलते जैकी को अपना घर तक बेचना पड़ा था।
अभय देओल
बेबाकी से बोलने के मामले में अभय देओल बॉलीवुड के लिए मिसाल हैं। ऐसा ही रूख वे अपनी मूवीज के लिए भी रखते हैं। एक्टर को साल 2010 में 'आयशा' फिल्म करने का पछतावा हुआ। उनका कहना था कि ये मूवी एक्टिंग की बजाय कपड़ों के बारे में ज्यादा थी। मूवी क्रिटिक्स ने भी कपड़ों की तारीफ में ही ज्यादा लिखा।
प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका चोपड़ा फिल्मों में चयन के मामले में बहुत गंभीर रहती हैं। हालांकि एक बार उनसे गलती हुई। इसे मानते हुए एक्ट्रेस ने कहा था कि वह साउथ अभिनेता राम चरण की बॉलीवुड की पहली फिल्म ‘जंजीर’ का हिस्सा बनने से खुश नहीं थीं। 2013 में रिलीज हुई इस फिल्म पर एक्ट्रेस ने अफसोस जताते हुए कहा कि 'कभी-कभी हम गलतियां करते हैं।'
Published on:
11 Aug 2021 09:05 pm
