
असदुद्दीन ओवैसी ने फिल्म धुरंधर 2 की आलोचना की
Asaduddin Owaisi Angry On dhurandhar-2: बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ रही फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में भी बयानबाजी तेज हो गई है। जहां पहले ही कई नेता इस फिल्म को प्रोपगेंडा बता रहे हैं वही, इस आलोचना में AIMIM चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने इस फिल्म को लेकर अपना तीखा रिएक्शन दिया है। ओवैसी ने न सिर्फ फिल्म की कहानी पर गुस्सा उताया, बल्कि इसे समाज में नफरत और हिंसा फैलाने वाली 'बकवास' फिल्म करार दिया। उनका ये बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
'टाइम्स नाउ समिट' में जब ओवैसी से पूछा गया कि क्या उन्होंने देशभर में धूम मचा रही फिल्म'धुरंधर 2' देखी है? इस पर ओवैसी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया, "पिक्चर है वो? 3 घंटे की कोरी बकवास है। मेरे पास इतना वक्त नहीं है कि मैं 3 घंटे तक ऐसी फिल्म देखूं। मैं चाहता हूं कि लोग मुझे 1 घंटा सुनें, वो ज्यादा बेहतर है।"
ओवैसी ने फिल्म के कंटेंट पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें गालियों और हिंसा के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फिल्म एक खास नैरेटिव सेट करती है जिससे 3 घंटे बाद दर्शक यह सोचने पर मजबूर हो जाता है कि मुसलमानों को गाली देनी चाहिए या नहीं। जब होस्ट ने कहा कि पूरी दुनिया इस फिल्म को पसंद कर रही है, तो ओवैसी ने हैदराबादी अंदाज में तंज कसते हुए कहा, "प्यारे, इन चीजों को दिल पर मत लो, हम इसे मुर्दे पर लेकर छोड़ देते हैं।"
भले ही ओवैसी फिल्म को बकवास बता रहे हों, लेकिन आंकड़ों की कहानी कुछ और ही बयां कर रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने सिनेमाघरों में तूफान ला दिया है। 19 मार्च को रिलीज हुई 'धुरंधर 2' ने अब तक भारत में 715 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1128 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यह फिल्म बहुत जल्द 2000 करोड़ का आंकड़ा भी छू सकती है। बता दें कि फिल्म के पहले पार्ट ने भी दुनिया भर में 1300 करोड़ की जबरदस्त कमाई की थी।
रणवीर सिंह, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म का मुकाबला साउथ के सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' से था, लेकिन 'धुरंधर 2' ने उसे काफी पीछे छोड़ दिया। वहीं, यश की फिल्म 'टॉक्सिक' भी इसी दौरान रिलीज होने वाली थी, लेकिन 'धुरंधर' के क्रेज को देखते हुए उसे अब जून तक के लिए टाल दिया गया है। फिलहाल, ओवैसी के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। फिल्म के फैंस इसे एक मनोरंजक स्पाई-थ्रिलर बता रहे हैं, तो वहीं ओवैसी के समर्थक उनके इस स्टैंड की सराहना कर रहे हैं।
Updated on:
28 Mar 2026 02:38 pm
Published on:
28 Mar 2026 01:58 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
