
पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने धुरंधर 3 पर की बात
Pakistani Leader Nabil Gabol: भारत की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर जमकल बवाल काट रही है। ये फिल्म हर दिन बड़ी-बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड चकनाचूर कर रही हैं। जहां भारत में फिल्म रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है, वहीं पाकिस्तान में इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान के कद्दावर नेता नबील गबोल की हो रही है, जिनका दावा है कि फिल्म में एक्टर राकेश बेदी द्वारा निभाया गया 'जमील जमाली' का किरदार असल में उन्हीं पर आधारित है। नबील गबोल ने अब इस फिल्म के जवाब में अपनी खुद की फिल्म बनाने का ऐलान कर दिया है।
हाल ही में एक पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर को दिए इंटरव्यू में नबील गबोल ने फिल्म 'धुरंधर 2' के मेकर्स पर जमकर भड़ास निकाली। फिल्म में उनके जैसे दिखने वाले किरदार को भारतीय जासूस (RAW एजेंट) के तौर पर दिखाए जाने पर उन्होंने सफाई दी। गबोल ने कहा, "ये जो भारतीय फिल्ममेकर्स हैं, ये असल में हमारी फौज से लड़ नहीं सकते, इसलिए फिल्मों के जरिए अपनी भड़ास निकालते हैं। उन्होंने ल्यारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर तो कर दिया, लेकिन वहां की असलियत नहीं दिखाई।"
नबील गबोल खास तौर पर इस बात से नाराज दिखे कि फिल्म में उनके जैसे किरदार के लिए एक कॉमेडियन राकेश बेदी को चुना गया। उन्होंने कहा, "मेरा किरदार बहुत दबंग है, लेकिन उन्होंने इसे मजाकिया अंदाज में पेश किया है। 2007 में ल्यारी का विधायक मैं ही था, और पूरी दुनिया जानती है कि नबील गबोल कौन है। सोशल मीडिया पर इंडियंस मुझे ट्रोल कर रहे हैं कि मैं खामोश क्यों हूं, लेकिन अब मैं चुप नहीं रहूंगा।"
भारतीय फिल्म को जवाब देने के लिए नबील गबोल ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही एक फिल्म बनाएंगे जो 'धुरंधर' का जवाब होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "हम अपनी फिल्म बनाएंगे, नाम 'धुरंधर' नहीं होगा, शायद 'ल्यारी का गब्बर' रखेंगे। इसमें हम हिंदुस्तानियों को दिखाएंगे कि असल ल्यारी क्या है और नबील गबोल की ताकत क्या है। जिस तरह हमारी फौज जवाब देती है, वैसे ही मैं भी जवाब दूंगा।"
नबील गबोल कराची की 'पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी' (PPP) के बड़े नेता हैं और ल्यारी इलाके में उनका काफी रसूख है। वह नेशनल असेंबली के सदस्य और सिंध असेंबली के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके हैं। 24 साल की उम्र में राजनीति में कदम रखने वाले गबोल का नाम अक्सर विवादों में रहता है। साल 2018 में जिन्ना एयरपोर्ट पर एक शख्स पर हमले के मामले में भी वह काफी सुर्खियों में रहे थे।
फिलहाल, नबील गबोल के इस फिल्मी चैलेंज ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। अब देखना यह होगा कि क्या वाकई 'धुरंधर' के जवाब में पाकिस्तान की ओर से कोई 'गब्बर' पर्दे पर उतरता है या यह सिर्फ एक राजनीतिक बयानबाजी बनकर रह जाएगा।
Updated on:
28 Mar 2026 02:41 pm
Published on:
28 Mar 2026 01:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
