
अजय देवगन ने की दृश्यम 3 की रिलीज डेट अनाउंस (Photo Source- Instagram/@sudhirpaal)
Ajay Devgn confirms Drishyam 3 trailer Date: भारतीय सिनेमा की सबसे सफल और सस्पेंस-थ्रिलर फ्रैंचाइजी 'दृश्यम' के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन ने अपनी फिल्म 'दृश्यम 3: द कंक्लूजन' को लेकर एक बेहद बड़ा अपडेट शेयर किया है। लंबे समय से चल रहे सस्पेंस को खत्म करते हुए अजय देवगन ने बताया कि फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर कल 9 सितंबर को आधिकारिक तौर पर जारी किया जाएगा। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है।
अजय देवगन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म 'दृश्यम 3' को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें अभिनेता ने ट्रेलर के बारे में पुष्टि करते हुए रिलीज डेट के बारे में भी बता दिया है। उन्होंने लिखा, "जो कहानी 2 अक्टूबर से शुरू हुई थी… वो खत्म भी 2 अक्टूबर को होगी।"
इस मैसेज के साथ ही अजय देवगन ने फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। अब दर्शकों को ट्रेलर देखने के लिए बस एक दिन का और इंतजार करना होगा, जबकि यह फेमस फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। लोगों का कहना है कि मेकर्स ने गांधी जयंती, दशहरा और दिवाली के त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए यह सोची-समझी रणनीति बनाई है, ताकि दर्शक भारी संख्या में छुट्टी का फायदा उठाकर थिएटर का रुख कर सकें।
अजय देवगन ने जो ट्रेलर की तारीख का ऐलान किया है उसमें एक नया पोस्टर भी नजर आ रहा है। जिसमें उनके साथ तब्बू और जयदीप अहलावत बेहद गंभीर और रहस्यमयी अवतार में नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट आना शुरू हो गए हैं और उनका कहना है कि ऐसे कैमरे की ओर देखना किसी बड़े तूफान के आने का संकेत दे रहा है।
'दृश्यम 3: द कंक्लूजन' में विजय सालगोन्कर के रूप में अजय देवगन की वापसी हो रही है, वहीं तब्बू एक बार फिर अपनी सख्त पुलिस अफसर की भूमिका में चुनौती देती दिखेंगी। इस बार स्टारकास्ट में जयदीप अहलावत और साउथ के दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज की एंट्री ने कहानी को और अधिक रोमांचक बना दिया है। इनके अलावा श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे।
इस फिल्म का निर्देशन एक बार फिर अभिषेक पाठक कर रहे हैं। कुमार मंगत, संजीव जोशी और आलोक जैन इसके निर्माण का जिम्मा संभाल रहे हैं। वहीं अजीत अंधारे की सिनेमैटोग्राफी और एक बेहतरीन क्रिएटिव टीम के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। अब सबकी निगाहें कल रिलीज होने वाले ट्रेलर पर टिकी हैं। वहीं, साल 2022 में आई फिल्म 'दृश्यम 2' ब्लॉकबस्टर हुई थी।
Updated on:
08 Sept 2026 02:48 pm
Published on:
08 Sept 2026 02:39 pm
