
मुंबई। बॉलीवुड में कुछ स्टार्स ऐसे हैं जो 50 की उम्र में भी पिता बने। ऐसा होने की वजह किसी के साथ दूसरी शादी तो, किसी के पहले बच्चों के साथ कुछ अनहोनी होना रही। जो भी हो, इन सेलेब्स ने 'लोग क्या कहेंगे' वाले ढकोसले को जरूर पीछे छोड़ा और अपनी फैमिली को अपने ढंग से प्लान किया। इसमें कुछ स्टार्स का साथ सरोगेसी/आईवीएफ तकनीक ने भी दिया। बड़ी उम्र में महिलाओं के मां बनने से जुड़े रिस्क को भी यह कम करता है। आइए जानते हैं कौनसे सेलेब्स 50 या 50 से ज्यादा की उम्र में बने पैरेंट्स:
सतीश कौशिक :
अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक आज (13 अप्रेल) को अपना 65वां जन्मदिन मना रहे हैं। हाल ही उन्होंने और उनकी 8 साल की बेटी वंशिका ने कोरोना को मात दी है। बता दें कि सतीश कौशिक को 56 साल की उम्र में 15 जुलाई, 2012 को सरोगेसी के जरिए एक बच्ची का पिता होना का सुख मिला। इससे पहले उनके दो साल के बेटे की 16 साल पहले मौत हो गई थी।
सैफ अली खान :
अभिनेता सैफ अली खान इसी साल फरवरी में करीना कपूर के दूसरे और कुल चौथे बच्चे के पिता बने। चौथे बच्चे के पिता बनते समय उनकी उम्र 50 साल की है। सैफ की पहली शादी एक्ट्रेस अमृता सिंह से हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे सारा अली और इब्राहिम खान हैं। करीना से शादी के बाद उनके दो बच्चे हैं। करीना की उम्र 40 साल है। बता दें कि सारा अली खान का जन्म 12 अगस्त, 1995 को हुआ था। अब उनकी उम्र 25 साल है। इस तरह सैफ के पहले और चौथे बच्चे में 25 साल का अंतर है।
संजय दत्त:
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने दूसरी शादी मान्यता दत्त से की है। इस शादी से उनको जुड़वां बच्चे 51 की उम्र में मिले। इससे पहले उन्होंने 1987 में रिचा शर्मा से शादी दी। इस शादी से उनके एक बेटी त्रिशला है। वह अपने ग्रांडपैरेंट्स के पास अमरीका में रहती हैं। त्रिशला का जन्म 1988 में हुआ था। अब उनकी उम्र 33 साल है। संजय की पत्नी मान्यता के जुड़वा बच्चे 2010 में पैदा हुए। इस तरह से त्रिशला और इन बच्चों में 22 साल का अंतर है।
प्रकाश राज :
साउथ और हिन्दी सिनेमा में खलनायक की अलग शैली को अपनाने वाले अभिनेता प्रकाश राज भी 50 की उम्र में पिता बने। प्रकाश को पहले शादी से दो बच्चे हैं। उन्होंने 2010 में दूसरी शादी कोरियोग्राफर पोनी वर्मा से की। इससे उनको 50 की उम्र में बेटा हुआ। इसका नाम वेदांत रखा गया।
राजेश खट्टर :
अभिनेता राजेश खट्टर वर्ष 2019 में बेटे के पिता बने। 52 साल की उम्र में राजेश और वंदना सजनानी ने इसके लिए आईवीएफ तकनीक का सहारा लिया। इससे पहले राजेश ने शाहिद कपूर की मां और पंकज कपूर की पत्नी नीलिमा आजमी से शादी की थी। इस शादी से उनके एक बेटा है, जो अभिनेता ईशान खट्टर हैं। ईशान का जन्म 1 नवंबर 1995 को हुआ। उनकी उम्र 25 साल है। पिता की दूसरी शादी से जन्में उनके भाई की उम्र डेढ़ साल है। दोनों में करीब 23 साल का अंतर है।
मनोज तिवारी :
भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी नेता मनोज तिवारी भी 50 की दहलीज पर पिता बने। उनको पहली शादी से एक बेटी है, जिसका नाम जिया है। दूसरी शादी उन्होंने बेटी के कहने पिछले साल लॉकडाउन के दौरान की। इससे उन्हें एक और बेटी हुई।
Published on:
13 Apr 2021 04:48 pm
