
सनी देओल का फूटा गुस्सा
Sunny Deol Angry Video: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को तबीयत बिगड़ने के चलते पिछले 12 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद 12 नवंबर को उन्हें छुट्टी मिल गई है। इस दौरान धर्मेंद्र की सेहत को लेकर तरह-तरह की खबरें आती रहीं। इसी बीच, अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बावजूद भी जब पैपाराजी उनके घर के बाहर जमा रहे, तो बेटे और एक्टर सनी देओल का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने मीडिया को फटकार लगाई और मां- बाप तक की बातें कर दी। सनी देओल का ऐसा गुस्सा देख हर कोई हैरान रह गया।
सोशल मीडिया पर सनी देओल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। कहा जा रहा है कि यह वीडियो सनी देओल के घर के बाहर का है। वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही सनी देओल ने अपने घर के बाहर जमा पैप्स को देखा, उनका पारा चढ़ गया। गुस्से में सनी देओल ने पैप्स से कहा, "आप लोगों को शर्म आनी चाहिए... आपके घर में मां-बाप हैं, बच्चे हैं... [गाली] की तरह वीडियो किए जा रहे हो। शर्म नहीं आती?" सनी देओल की इस प्रतिक्रिया से साफ है कि वह अपने पिता की बीमारी के इस नाजुक दौर में लगातार निजता का उल्लंघन होने से काफी परेशान हैं।
गौरतलब है कि 10 नवंबर को धर्मेंद्र के निधन की खबर आई थी जिसके बाद देश में हंगामा मच गया था, इसके तुरंत बाद उनकी बेटी ईशा देओल और हेमा मालिनी ने पोस्ट कर लोगों को फटकार लगाई और बताया कि धर्मेंद्र को कुछ नहीं हुआ है वह रिकवर कर रहे हैं और बिल्कुल ठीक हैं, वहीं, 12 नवबंर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई और वह घर चले गए।
परिवार की तरफ से बाद में आधिकारिक बयान जारी कर कहा गया था कि धर्मेंद्र की देखरेख अब घर पर ही की जाएगी और लोगों से उन्हें अकेला छोड़ देने का अनुरोध किया गया था। वहीं, अब सनी देओल के इस गुस्से वाले वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उनका जमकर समर्थन किया है। एक यूजर ने लिखा, "सनी देओल ने सही किया है।" एक दूसरे यूजर ने लिखा, "सनी देओल का गुस्सा जायज है।" एक और ने लिखा, "भाई, उन्हें अकेला छोड़ दो, उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं है।"
Updated on:
13 Nov 2025 01:34 pm
Published on:
13 Nov 2025 01:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
