
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा (इमेज सोर्स: ANI)
Govinda Latest Interview: बॉलीवुड के नंबर-वन एक्टर गोविंदा ने हाल ही में अपने दौर के दो सबसे बड़े सुपरस्टार्स…राजेश खन्ना और धर्मेंद्र को याद करते हुए एक दिल छू लेने वाली बात कही है। अमूमन आज के दौर में स्टार्स अपनी 'इमेज' और 'ब्रांडिंग' पर ज्यादा ध्यान देते हैं, लेकिन गोविंदा ने राजेश खन्ना और धर्मेंद्र को लेकर कहा- दोनों ने सिर्फ अपने काम पर फोकस किया। काम ने ही उन्हें इतना बड़ा स्टार बनाया।
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में गोविंदा ने साल 1990 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'स्वर्ग' की शूटिंग के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि जब वे पहली बार राजेश खन्ना (काका) से मिले, तो वे बहुत शरीफ और मासूम लगे। उस मुलाकात में काका ने गोविंदा से पूछा- ‘तुम वहां क्यों नहीं हो जहां तुम्हें होना चाहिए?’ इस पर गोविंदा ने बहुत ही सादगी से जवाब दिया- ‘काका, भगवान ने सब कुछ पहले से तय कर रखा है। वह जानते हैं कि किस पेड़ को कहां लगाना है।’ गोविंदा की यह बात सुनकर राजेश खन्ना बहुत खुश हुए थे।
गोविंदा ने बताया कि राजेश खन्ना और धर्मेंद्र जैसे कलाकारों में एक अलग तरह की दिव्यता थी। उनके चेहरे, उनकी आवाज और उनकी एक्टिंग का जादू ही कुछ ऐसा था जो लोगों के दिलों में उतर जाता था। गोविंदा ने कहा कि आज के समय में कोई भी ऐसा साधु या संत नहीं दिखता जिसका चेहरा इन दोनों एक्टर्स जैसा दिखता हो। भगवान ने उनके किरदार और आत्मा में कुछ खास दिया था, जिसने उन्हें आम कलाकारों से अलग और बेहद खास बनाया।
गोविंदा ने आगे कहा- आजकल एक्टर्स अपनी पीआर (PR) और पब्लिक इमेज बनाने में काफी वक्त लगाते हैं। मगर धरम जी और राजेश खन्ना जी ने कभी ऐसी कोई प्लानिंग नहीं की। उन्होंने अपने प्रोफेशनल काम को पूरी ईमानदारी से प्लान किया और उसे बेहतरीन तरीके से निभाया। उन्होंने कभी यह नहीं सोचा कि लोग उन्हें किस तरह देखें। बस इसी सादगी और मेहनत के बल पर उनका काम खुद-ब-खुद उनकी पहचान बनता चला गया।
वर्क फ्रंट की बात करें तो गोविंदा अपनी आने वाली फिल्म 'रूपा' के साथ एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। लंबे समय तक इंडस्ट्री में नजरअंदाज किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इन सब बातों ने उन्हें और मजबूत बनाया है। उन्हें उम्मीद है कि उनकी यह नई पारी दर्शकों पर अपना पुराना जादू चलाने में जरूर कामयाब होगी।
Updated on:
09 Aug 2026 04:03 pm
Published on:
09 Aug 2026 04:03 pm
