15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Lagaan: कैमरे के सामने नहीं खुल रही थीं आंखें, फिर आमिर खान ने बाथरूम में समझाया ‘तीन गुना लगान’ वाला सीन, पॉल ब्लैकथ्रॉन का खुलासा

Lagaan 25 Years: आमिर खान की फिल्म 'लगान' को आज पूरे 25 साल हो गए हैं। इस मौके पर ब्रिटिश अभिनेता ने आमिर और फिल्म से जुड़ा एक किस्सा बताया है।

2 min read
Google source verification
Lagaan 25 Years Teen Guna Lagaan Scene

Lagaan 25 Years Teen Guna Lagaan Scene (सोर्स- IMDb)

Lagaan 25 Years Teen Guna Lagaan Scene: आमिर खान की ऐतिहासिक फिल्म लगान को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन आज भी फिल्म के कई सीन दर्शकों के दिलों में ताजा हैं। इनमें सबसे चर्चित सीन वो है, जब अंग्रेज अफसर कैप्टन एंड्रयू रसेल गांव वालों पर 'तीन गुना लगान' थोपने का ऐलान करता है।

फिल्म के इस डायलॉग के काफी चर्चे हुए और ये फिल्म के हिट सीन में भी जगह बनाने में कामयाब रहा। अब फिल्म की सिल्वर जुबली पर कैप्टन रसेल का किरदार निभाने वाले ब्रिटिश अभिनेता पॉल ब्लैकथॉर्न ने उस सीन से जुड़ा एक ऐसा राज खोला है, जिसे जानकर फैंस भी हैरान रह जाएंगे।

जब कैमरे के सामने खुल ही नहीं रही थीं आंखें

फिल्म में रसेल का किरदार बेहद रूड और निर्दयी दिखाया गया था। लेकिन पर्दे के पीछे पॉल ब्लैकथॉर्न एक अलग ही चुनौती से जूझ रहे थे। गुजरात की तपती धूप में शूट हो रहे इस सीन के दौरान उनकी आंखें ठीक से खुल ही नहीं पा रही थीं। तेज धूप इतनी चुभ रही थी कि कैमरे के सामने डायलॉग बोलना भी मुश्किल हो रहा था।

पॉल ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' से बात करते हुए बताया कि सिनेमैटोग्राफर बार-बार उनसे आंखें पूरी तरह खोलने के लिए कह रहे थे, लेकिन सूरज की तेज रोशनी उन्हें ऐसा नहीं करने दे रही थी। ऐसे मुश्किल वक्त में आमिर खान ने उन्हें एक बेहद आसान लेकिन कारगर सलाह दी। इतना ही नहीं, पॉल के मुताबिल आमिर खान ने उन्हें एक अहम सीन से पहले बाथरूम में काफी समझाया था। आमिर ने कहा था कि ये फिल्म का एक जरूरी सीन है इसलिए इसे हर हाल में हमें अच्छा करना है।

आमिर खान की एक ट्रिक ने बना दिया सीन यादगार

पॉल के मुताबिक, आमिर ने उनसे कहा कि शॉट शुरू होने से पहले आंखें बंद करके सूरज की तरफ चेहरा रखें और जैसे ही 'एक्शन' कहा जाए, आंखें खोलकर तुरंत डायलॉग बोल दें। इस तरीके से उन्हें कुछ सेकंड का समय मिल जाता था, जिसमें वो बिना आंखें सिकोड़ें अपना डायलॉग पूरा कर सकते थे।

यही वजह रही कि पर्दे पर दर्शकों को रसेल का चेहरा बेहद प्रभावशाली और डरावना नजर आया। पॉल मानते हैं कि उस दृश्य को यादगार बनाने में एडिटिंग के साथ-साथ आमिर खान की यह छोटी-सी सलाह भी बड़ी वजह थी।

क्रिकेट खेलने का दावा पड़ा भारी

फिल्म में रसेल को एक बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी दिखाया गया था, लेकिन असल जिंदगी में पॉल ब्लैकथॉर्न क्रिकेट से लगभग अनजान थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि ऑडिशन के दौरान उनसे पूछा गया था कि क्या वो क्रिकेट खेल सकते हैं। उस समय उन्होंने आत्मविश्वास के साथ हां कह दिया था, जबकि सच्चाई बिल्कुल अलग थी।

शूटिंग से पहले आमिर खान ने कलाकारों के बीच एक क्रिकेट मैच रखा। पॉल को ओपनिंग बल्लेबाजी करने भेजा गया, लेकिन पहली ही गेंद पर वह आउट हो गए। दूसरी बार मौका मिला तो फिर वही नतीजा सामने आया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि क्रिकेट सीखना उनके लिए बेहद जरूरी है।

25 साल बाद भी बरकरार है लगान का जादू

साल 2001 में रिलीज हुई लगान सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि भारतीय सिनेमा का गौरव मानी जाती है। ऑस्कर तक पहुंचने वाली इस फिल्म ने देश-विदेश में जबरदस्त पहचान बनाई। आमिर खान, ग्रेसी सिंह और पॉल ब्लैकथॉर्न समेत पूरी स्टारकास्ट के अभिनय को आज भी याद किया जाता है।