
ललित मोदी और सुष्मिता सेन
Sushmita Sen gold digger comment Lalit Modi reply: साल 2022 का वो दौर तो आपको याद ही होगा, जब आईपीएल (IPL) के पूर्व चेयरमैन और बिजनेसमैन ललित मोदी ने अचानक बॉलीवुड की 'मिस यूनिवर्स' सुष्मिता सेन के साथ अपनी कुछ बेहद रोमांटिक तस्वीरें पोस्ट कर सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। उस वक्त हर तरफ सिर्फ इसी रिश्ते की चर्चा थी।
हालांकि, इस घोषणा के तुरंत बाद लोगों ने सुष्मिता सेन को सोशल मीडिया पर 'गोल्ड डिगर' कहकर बुरी तरह ट्रोल करना शुरू कर दिया था। अब इस पूरे विवाद और अपने रिश्ते पर ललित मोदी ने लगभग 4 साल बाद पहली बार खुलकर बात की है। एक बेबाक इंटरव्यू में ललित मोदी ने सुष्मिता के साथ अपने रिश्ते की सच्चाई बताई है और उन पर उंगली उठाने वालों को करारा जवाब दिया है।
ललित मोदी ने इंटरव्यू में सुष्मिता सेन का जोरदार बचाव किया। इस दौरान उन्होंने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड को अपने जानने वाले लोगों में सबसे स्वतंत्र महिलाओं में से एक बताया। ललित मोदी ने कहा, “लोगों को सुष्मिता के बारे में पूरी तरह गलतफहमी है। सुष्मिता एक बेहद खूबसूरत और बहुत संपन्न महिला हैं। शायद बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके पास इस दुनिया में मेरे जानने वाले किसी भी व्यक्ति से ज़्यादा हीरे यानी डायमंड्स हैं। दिलचस्प बात यह है कि ये सब उन्होंने किसी से लिए नहीं हैं, बल्कि खुद अपने दम पर कमाए हैं। उनका खुद का डायमंड स्टोर भी है।”
ललित मोदी ने आगे गर्व से बताया कि सुष्मिता कितनी स्वाभिमानी हैं। उन्होंने कहा, “जब भी मैं सुष्मिता के साथ बाहर जाता था, तो मुझे किसी भी चीज के लिए पैसे नहीं देने पड़ते थे। हर चीज का भुगतान सुष्मिता खुद करती थीं। मैं तो एक तरह से उनका आश्रित प्रेमी यानी डिपेंडेंट बॉयफ्रेंड था। वह एक असाधारण और आत्मनिर्भर महिला हैं, जो कभी किसी से कुछ नहीं लेंगी।”
ललित मोदी ने सुष्मिता को पैसों की लालची बताने वालों के मुंह पर जोरदार तमाचा जड़ा है। उन्होंने हंसते हुए कहा, “जब कोई कहता है कि वह पैसे के पीछे भागने वाली औरत है, तो मैं कहता हूं कि नहीं, ललित हीरे के पीछे भागने वाला था। बात यह नहीं थी कि वह पैसों के पीछे भाग रही थीं, बल्कि मैं उम्मीद कर रहा था कि मैं हीरे के पीछे भागने वाला बनूं, क्योंकि सुष्मिता सचमुच एक हीरा हैं। इस दुनिया में वह जो चाहे खरीद सकती हैं और जिसे चाहे पा सकती हैं। हमारा रिश्ता कभी पैसों के बारे में था ही नहीं।”
याद दिला दें कि साल 2022 में जब ललित मोदी ने मालदीव और सार्डिनिया दौरे की तस्वीरें पोस्ट की थीं, तब उन्होंने सुष्मिता को अपनी 'बैटर हाफ' और 'जीवनसाथी' बताया था, जिससे लोगों को लगा कि दोनों ने शादी कर ली है। हालांकि, बाद में उन्होंने साफ किया था कि वे सिर्फ एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। इतने सालों बाद ललित मोदी का यह बयान एक बार फिर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
Updated on:
02 Jun 2026 02:03 pm
Published on:
02 Jun 2026 02:03 pm
