
नफीसा अली को है कैंसर (Photo Source- Nafisa Ali Instagram)
Nafisa Ali Ovarian Cancer: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री नफीसा अली इन दिनों ओवेरियन कैंसर से जूझ रही हैं। वह लगातार अपने फैंस को अपनी हेल्थ अपडेट देती रहती हैं और उनके फैंस भी उनके लिए दुआ करते हैं। ऐसे में एक बार फिर एक्ट्रेस ने अपना गजब का जज्बा दिखाया है जो सोशल मीडिया पर मिसाल बन रहा है। हाल ही में 68 साल की नफीसा ने इंटरनेट पर अपनी सेहत से जुड़ा बड़ा अपडेट भी दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना 10वां कीमोथेरेपी सेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है और इसके ठीक बाद वह समुद्र किनारे सुकून भरे पल बिताने के लिए गोवा रवाना हो गई हैं।
'मेजर साब' फेम एक्ट्रेस नफीसा अली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर गोवा के बीच से अपनी एक खूबसूरत कैंडिड तस्वीर शेयर की है। फोटो में वह प्रकृति के करीब नजर आ रही हैं। नफीसा ने पोस्ट के जरिए हीलिंग पावर के लिए शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, “कल मेरी 10वीं कीमोथेरेपी हुई और आज बीच वॉक के लिए मैंने गोवा की फ्लाइट ली… समुद्र हीलर है।”
इसके साथ ही 'लाइफ इन ए... मेट्रो' की अभिनेत्री ने गुरु पूर्णिमा 2026 के पावन अवसर पर भी अपने फैंस को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ऋषि वेद व्यास की जयंती को याद करते हुए लिखा कि वह सम्मान और सकारात्मकता के साथ अपने गुरुओं के सामने सिर झुकाती हैं।
नफीसा अली के स्वास्थ्य के बारे में बात करें तो वह लंबे समय से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बहादुरी से लड़ रही हैं। उन्हें पहली बार साल 2018 में स्टेज 3 ओवेरियन और पेरिटोनियल कैंसर (पेट की परत का कैंसर) का पता चला था। इलाज के बाद वह रिकवर हो रही थीं, लेकिन पिछले साल उनके कैंसर ने दोबारा दस्तक दी।
इस बार डॉक्टरों ने उनमें स्टेज 4 पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर की पुष्टि की है। बीमारी के दोबारा उभरने के बाद इस साल अप्रैल में उनकी एक बड़ी सर्जरी हुई, जिसके बाद उनके चल रहे कैंसर ट्रीटमेंट के तहत कीमोथेरेपी के सेशंस शुरू किए गए। इतने कठिन दौर में भी नफीसा का जज्बा कभी कमजोर नहीं पड़ा।
हेल्थ चैलेंजेस के बावजूद नफीसा अली अपने काम के लिए बेहद प्रतिबद्ध हैं। हाल ही में उन्होंने बताया था कि कीमोथेरेपी सेशन पूरा करने के तुरंत बाद वह अपनी नई फिल्म "मैक्स, मिन एंड म्योवजाकी" के ट्रेलर लॉन्च में शामिल हुई थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर किया कि इवेंट में जाने के लिए उन्हें लगातार दो दिनों तक 'बोन इम्यूनिटी इंजेक्शन' लेने पड़े थे। पद्मकुमार नरसिम्हामूर्ति द्वारा निर्देशित यह फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, जिसके जरिए नफीसा ने बड़े पर्दे पर वापसी की है। फिल्म की टीम से मिले प्यार और सहयोग ने उनके इस सफर को बेहद यादगार बना दिया।
Updated on:
30 Jul 2026 03:14 pm
Published on:
30 Jul 2026 03:14 pm
