
Nawazuddin_Siddiqui
बॉलीवुड में अपने संजीदा अभिनय के लिए महशूर नवाजुद्दीन सिद्दिकी फिल्म क्रिश-4 में खलनायक की भूमिका में नजर आ सकते हैं। फिल्मकार राकेश रोशन क्रिश-4 बनाने की तैयारी में लगे हुए हैं। अगले साल के अंत तक ही इस सुपरहीरो फिल्म के फ्लोर पर आने की उम्मीद है। चर्चा है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी को 'क्रिश 4' में विलन के रोल के लिए चुन लिया गया है।
हालांकि ऐसा भी सुनने में आ रहा है कि इस बार मेकर्स की ओर से फिल्म में कुछ नया ट्विस्ट लाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। जिसके लिए क्रिश के नए दुश्मन उसे नए तरीकों से शारीरिक और मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते दिखाई देंगे। इसके लिए नवाज से अच्छी कोई चॉइस हो भी नहीं सकती है, जो अपने खास एक्टिंग से ऐसे अजीबोगरीब किरदार में भी एक नई जान फूंकने में माहिर हैं।
नवाजुद्दीन को इससे पहले भी फिल्म 'किक' में निभाए अपने विलन के रोल के लिए काफी सराहा गया था। हालांकि अभी तक एक्टर की ओर से इस ऑफर को एक तय समय-सीमा के अंदर स्वीकार करना बाकी है, इसलिए अभी कुछ भी तय नहीं माना जा सकता है। इसके अलावा 'क्रिश 4' की टीम अपनी नई लीड एक्ट्रेस की तलाश भी कर रही है।
बायोग्राफी में हुए कई खुलासे...
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की हाल में लॉन्च हु्ई बायोग्राफी 'एन आॅर्डिनरी लाइफ' में कई मलिहाओं से संबंध होने का खुलासा हुआ। इस पर खूब विवाद भी हुआ। मिस लवली फिल्म में उनकी को—स्टार रहीं एक्ट्रेस निहारिका सिंह ने इस किताब पर आपत्ति जताते हुए महिलाओं का अपमान करने की बात कही। इसके बाद अभिनेत्री सुनीता राजवार ने भी नवाजुद्दीन को झूठा इंसान बताया। इस मामले में उनके खिलाफ दिल्ली के एक वकील ने राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
एक अंग्रेजी पोर्टल के मुताबिक, दिल्ली के रहने वाले एक वकील गौतम गुलाटी ने राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। गौतम गुलाटी ने दिए अपने इंटरव्यू में कहा कि वह न तो मिस सिंह से मिले हैं और न ही उनसे इस विषय में बात की है। उन्होंने एनसीडब्ल्यू में आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार), 497 (व्यभिचार) और 509 (एक महिला की विनम्रता का अपमान) के तहत एक शिकायत दर्ज की है। जाहिर तौर पर शादीशुदा होने के बावजूद नवाजुद्दीन का रिश्ता निहारिका सिंह से था और उन्होंने अपनी पत्नी से यह बात छिपा रखी थी।' गौतम गुलाटी ने अपनी शिकायत में लिखा, 'अभिनेता ने अपनी बुक प्रकाशित करने से पहले यह नहीं सोचा कि पीड़िता के विवाहित जीवन पर इसका क्या असर पड़ेगा। पैसे कमाने और फ्री पब्लिसीटी हासिल करने के लिए अभिनेता ने महिला की विनम्रता का अपमान किया है।'
Published on:
22 Nov 2017, 5:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.