
राज फिल्म एक्ट्रेस मालिनी शर्मा ने फैंस का किया धन्यवाद (Photo Source- Instagram/malini_sharma74)
Raaz Actress Malini Sharma: साल 2002 में आई बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर हॉरर फिल्म 'राज' एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इसकी वजह कुछ और नहीं फिल्म में अपनी रहस्यमयी मुस्कान और दर्शकों को डराने व लुभाने वाली पूर्व अभिनेत्री मालिनी शर्मा हैं। बॉलीवुड को 20 साल पहले अलविदा कह चुकीं मालिनी हाल ही में सोशल मीडिया पर अचानक वायरल हो गई हैं। वजह है उनका पुणे के पास सह्याद्री की हसीन वादियों में फार्मस्टे 'द स्लो लोकल' (The Slow Local)। जिसे फैंस बेहद पसंद कर रहे हैं। इसी प्यार को लेकर मालिनी ने एक वीडियो अपलोड कर सभी को धन्यवाद दिया है।
हाल ही मे मालिनी शर्मा ने अपने फार्मस्टे की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। जिसे देख फैंस झट से मालिनी को पहचान गए। उनसे इंडस्ट्री और उनके काम को लेकर सवाल-जवाब करने लगे। इसी बीच मालिनी ने अपने फार्मस्टे को मिली अप्रत्याशित और जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट 'द स्लो लोकल डायरीज' पर एक खास वीडियो शेयर किया।
वीडियो में मालिनी ने अपने तमाम फैंस और शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया, लेकिन साथ ही एक छोटी सी गुजारिश भी की। मालिनी ने कहा, "हाय, मैं मालिनी हूं 'द स्लो लोकल डायरीज' से। आप लोगों ने तो सचमुच कमाल कर दिया! मुझे इतने प्यार और प्रतिक्रिया की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।”
मालिनी शर्मा ने आगे कहा, “मैं आप सभी के प्यार से अभिभूत हूं और मेरे पास शब्द नहीं हैं। लेकिन मेरी एक छोटी सी गुजारिश है- हमारा फार्मस्टे काफी छोटा है और इतनी भारी संख्या में आ रहे कॉल्स को प्रोसेस करना हमारी टीम के लिए बहुत मुश्किल हो रहा है। कृपया आप फार्मस्टे के नंबर पर कॉल करने के बजाय व्हाट्सएप मैसेज करें।"
साथ ही मालिनी ने यह भी वादा किया कि इंस्टाग्राम पर जितने भी उन्हें मैसेजेस आ रहे हैं, वह व्यक्तिगत रूप से कम से कम एक बार हर फैन को जवाब देने की पूरी कोशिश करेंगी।
बता दें, मालिनी ने अपने करियर की शुरुआत 90 के दशक में मॉडलिंग और सुपरहिट म्यूजिक वीडियो से की थी। उनका गाना 'आपके प्यार में' आज भी बेहद मशहूर है। इसके बाद उन्होंने टीवी शो 'कैट्स' में काम किया और 2002 में विक्रम भट्ट की फिल्म 'राज' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। बिपाशा बसु और डिनो मोरिया स्टारर इस फिल्म में मालिनी ने 'मालिनी' (आत्मा/भूत) का बेहद अहम किरदार निभाया था, जो फिल्म की असली जान थी।
'राज' की सफलता के बावजूद मालिनी धीरे-धीरे अभिनय और बॉलीवुड की चकाचौंध से दूर हो गईं और बाद में पुणे के पास अपने फार्मस्टे 'द स्लो लोकल' में भोजन, प्रकृति और सुकून भरी जिंदगी जीने लगीं। अब इस फार्मस्टे को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद मालिनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
Updated on:
01 Sept 2026 09:07 am
Published on:
01 Sept 2026 08:57 am
