
राजपाल यादव कर चुके हैं तिहाड़ जेल में सरेंडर
Rajpal Yadav In Tihar Jail: बॉलीवुड के फेमस कॉमेडियन और एक्टर राजपाल यादव इन दिनों दिल्ली की तिहाड़ जेल में अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी कानूनी और आर्थिक लड़ाई लड़ रहे हैं। 9 करोड़ रुपये के पुराने चेक बाउंस मामले में सरेंडर करने के बाद, अब पूरी फिल्म इंडस्ट्री उनके समर्थन में खड़ी होती नजर आ रही है। सोनू सूद और गुरमीत चौधरी के बाद अब फिल्म जगत की सबसे बड़ी संस्था 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) ने भी एक बड़ा कदम उठाया है। उसने एक आधिकारिक पत्र जारी कर सभी कलाकारों और निर्माताओं से राजपाल की मदद करने की गुहार लगाई है।
बुधवार को जारी एक चिट्ठी में FWICE ने बेहद इमोशनल अपील की है। संस्था के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने साफ कहा कि यह कोई 'भीख' या 'दान' नहीं है, बल्कि एक ऐसे साथी कलाकार के लिए एकजुटता दिखाने का समय है जिसने दशकों तक अपनी अदाकारी से दुनिया को हंसाया है। उन्होंने कहा, " राजपाल यादव एक बेहद ईमानदार इंसान हैं, लेकिन कुछ गलत क्रिएटिव फैसलों की वजह से वह इस दलदल में फंस गए हैं। वह इस सजा के हकदार नहीं हैं।"
संस्था ने अपने पत्र में लिखा कि यह आर्थिक संकट राजपाल के चरित्र को नहीं दर्शाता, बल्कि यह दर्शाता है कि कभी-कभी हालात इंसान के नियंत्रण से बाहर हो जाते हैं। FWICE ने भरोसा दिलाया है कि जो भी मदद मिलेगी, उसे पूरी पारदर्शिता के साथ इकट्ठा कर राजपाल की देनदारी चुकाने में इस्तेमाल किया जाएगा।
फिल्म जगत के जाने-माने प्रोड्यूसर और एडवाइजर अशोक पंडित ने इस मामले पर डालते हुए बताया कि राजपाल की सबसे बड़ी कमजोरी उनकी 'न' न कह पाने की आदत रही। अशोक पंडित ने कहा, "मेरी राजपाल से बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह दरअसल एक 'ब्रॉडवे प्रोडक्शन' (थिएटर का बड़ा रूप) बनाना चाहते थे, फिल्म बनाना उनका इरादा नहीं था। लेकिन एक गलत फैसले ने दूसरे गलत फैसले को जन्म दिया और वह उस प्रोजेक्ट का चेहरा थे, सारी कानूनी जिम्मेदारी उन्हीं के सिर आ गई।"
राजपाल यादव को जेल से बाहर लाने और उनका कर्ज उतारने के लिए चौतरफा मदद मिल रही है। हाल ही में 'GemTunes Music' के मालिक राव इंदरजीत सिंह यादव ने 1.11 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है। वहीं, सलमान खान, अजय देवगन जैसे सितारें भी मदद के लिए सामने आए हैं।
Published on:
11 Feb 2026 03:24 pm
