
Smriti Irani Reacts To Lucknow Coaching Centre (सोर्स- @smritiirani)
Smriti Irani Reacts To Lucknow Coaching Centre Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अलीगंज इलाके में स्थित एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र घायल हो गए।
घटना के बाद राजनीतिक और फिल्मी जगत की हस्तियां भी शोक जाहिर कर रही हैं। इसी बीच अभिनेत्री और राजनेता स्मृति ईरानी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में नजर आ रहीं स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में हिम्मत और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
स्मृति ईरानी ने अपने संदेश में उन छात्रों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की, जो इस हादसे में घायल हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी घायलों को जल्द से जल्द बेहतर उपचार मिले और वे सुरक्षित अपने परिवारों के बीच लौट सकें।
दरअसल, ये हादसा लखनऊ के व्यस्त अलीगंज क्षेत्र में कपूरथला चौराहे के पास स्थित एक व्यावसायिक इमारत में हुआ। इमारत में कई कोचिंग संस्थान और दफ्तर संचालित हो रहे थे। घटना के समय बड़ी संख्या में छात्र अपनी कक्षाओं में मौजूद थे। अचानक आग लगने के बाद कुछ ही देर में ऊपरी मंजिलों में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया और कई लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घंटों तक चले अभियान के दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकांश लोगों की मौत आग से ज्यादा दम घुटने की वजह से हुई।
हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजाम पर्याप्त थे या नहीं। वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष के तहत मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
लखनऊ में हुआ ये हादसा एक बार फिर सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े कर गया है। वहीं, देशभर से लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
Updated on:
23 Jun 2026 07:20 am
Published on:
23 Jun 2026 07:19 am
