
सोनू निगम की हुई है सर्जरी (Photo Source- sonunigamofficial)
Sonu Nigam Singing Mohammad Rafi Song: सिंगर सोनू निगम का रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह ऑपरेशन टेबल पर लेटे हुए मशहूर सिंगर मोहम्मद रफी का गाना 'सुहानी रात ढल चुकी' गाते दिखे थे। इस अजीब नजारे ने फैंस को हैरान और परेशान कर दिया था कि आखिर उनके फेवरेट सिंगर को हुआ क्या है? अब खुद सोनू निगम के अपने ऑपरेशन के बाद सारी सच्चाई बताई है कि उनकी उंगली में बार-बार एक फोड़ा हो रहा था जिसे ठीक करने के लिए उन्होंने सर्जरी करवाई है।
सोनू निगम ने हिंदुस्तान टाईम्स से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनकी बाईं हाथ की रिंग फिंगर (अनामिका उंगली) पर बार-बार एक फोड़ा या सिस्ट हो रहा था, जिसे ठीक करने के लिए डॉक्टरों को सर्जरी करनी पड़ी। चार महीने पहले भी इसी समस्या के लिए मेरी सर्जरी हुई थी, लेकिन यह समस्या दोबारा पैदा हो गई। संभवतः हड्डियों में आर्थराइटिस की वजह से ऐसा बार-बार हो रहा है। फिलहाल इस समस्या के स्थायी इलाज के लिए हम डॉक्टरों की सलाह का इंतजार कर रहे हैं।
सर्जरी के दौरान सोनू निगम क्यों गाना गा रहे थे इसकी वजह बताते हुए सोनू निगम ने बताया, "OT में गाना अपने आप हो गया। डॉ. नीलेश सथभाई मेरे फैन हैं और सर्जरी के दौरान वे मेरे गाने बजा रहे थे और वह ऑपरेशन के समय मेरे ही एल्बम 'रफी रिसरेक्टेड' बजा रहे थे। इसी दौरान एक-दो गानों में सिर्फ म्यूजिक बज रहा था और वोकल यानी गायक की आवाज बंद थी। ऐसे में मैं अपने आप को रोक नहीं पाया और ऑपरेशन टेबल पर लेटे-लेटे ही गाने लगा।"
ऑपरेशन थिएटर में जो अचानक शुरू हुआ उसने वहां मौजूद सभी लोगों को लिए उसे एक यादगार पल बना दिया। निगम ने कहा, "उन्हें सच में बहुत मजा आया और सच में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि कोई मरीज सर्जरी कराते समय डॉक्टरों के लिए गा रहा हो। और मुझे भी इसमें अच्छा लगा क्योंकि ये गाने मेरे दिल के बहुत करीब हैं।" सिंगर ने बताया कि उन्होंने प्रोसीजर के दौरान डॉक्टरों के लिए दो या तीन गाने गाए, जिनमें से एक 'सुहानी रात ढल चुकी' भी था।
सोनू निगम ने आगे कहा, "मैंने उनके लिए लगभग दो, तीन गाने गाए। तो यह एक बहुत प्यारा पल बन गया और मैंने उनसे यह भी पूछा कि क्या वह इसे रिकॉर्ड करना चाहते हैं, वह इसे एक याद के तौर पर रिकॉर्ड कर सकते हैं। तो उन्होंने इसे रिकॉर्ड किया और फिर मुझे भेज दिया। और तब हमने इसे पोस्ट किया।"
Updated on:
10 Aug 2026 08:29 am
Published on:
10 Aug 2026 08:12 am
