25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इजरायल की फूड ब्रांड को सपोर्ट करने पर ट्रोल हुईं स्वरा भास्कर, अब एक्ट्रेस ने दी सफाई, बोलीं- अब ध्यान रखूंगी

Swara Bhasker On Supporting Israel: एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने हाल ही में इजरायल की फूड कंपनी का इस्तेमाल करने के बाद सफाई पेश की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

2 min read
Google source verification
Swara Bhasker On Supporting Israel

Swara Bhasker On Supporting Israel (सोर्स- एक्स)

Swara Bhasker On Supporting Israel: बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर सोशल मीडिया बहस के केंद्र में आ गई हैं। इस बार मामला उनकी किसी फिल्म या बयान से नहीं, बल्कि एक इफ्तार वीडियो से जुड़ा है। हाल ही में साझा किए गए एक वीडियो में स्वरा एक फूड ब्रांड का इस्तेमाल करती नजर आईं, जिसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

वीडियो से शुरू हुआ विवाद (Swara Bhasker On Supporting Israel)

दरअसल, स्वरा भास्कर ने अपने इफ्तार की तैयारियों का एक छोटा सा वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में वो एक फेमस इंटरनेशनल कंपनी के उत्पाद का इस्तेमाल करती दिखीं। यही बात कुछ लोगों को खटक गई।

इन दिनों फिलिस्तीन के समर्थन में चल रहे वैश्विक बहिष्कार अभियान के तहत कुछ ब्रांड्स को निशाने पर लिया जा रहा है। वो कंपनी भी उसी लिस्ट में शामिल है, जिनके बारे में कहा जाता है कि उनके व्यावसायिक संबंध इजरायल से जुड़े हैं। इसी वजह से अभिनेत्री की आलोचना होने लगी, क्योंकि वह पहले से ही फिलिस्तीन के समर्थन में खुलकर अपनी राय रखती रही हैं।

फिलिस्तीन मुद्दे पर मुखर रही हैं स्वरा (Swara Bhasker On Supporting Israel)

स्वरा भास्कर लंबे समय से फिलिस्तीन के पक्ष में अपनी आवाज उठाती रही हैं। गाजा की स्थिति को लेकर उन्होंने कई बार सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किए हैं। यही कारण है कि जब उनके वीडियो में नेस्ले का उत्पाद दिखाई दिया तो कुछ लोगों ने उनके रुख पर सवाल खड़े कर दिए। सोशल मीडिया पर बढ़ती आलोचना के बाद स्वरा ने खुद सामने आकर सफाई दी है।

अभिनेत्री ने क्या कहा?

एक अलग वीडियो में स्वरा ने कहा कि उन्हें ये याद नहीं रहा कि संबंधित ब्रांड बहिष्कार सूची में शामिल है। उन्होंने माना कि वो बहिष्कार आंदोलन का समर्थन करती हैं और पर्सनल जिंदगी में भी इसका पालन करने की कोशिश करती हैं, लेकिन कुछ मामलों में उनसे चूक हो जाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि वो लगातार सीख रही हैं और आगे से अधिक सतर्क रहने की कोशिश करेंगी। स्वरा ने उन लोगों का धन्यवाद भी किया जिन्होंने उन्हें इस बारे में सचेत किया।

समर्थकों ने किया बचाव

स्वरा की सफाई के बाद कई लोगों ने उनका समर्थन भी किया। कुछ यूजर्स ने कहा कि गलती हो जाना स्वाभाविक है और महत्वपूर्ण ये है कि उन्होंने अपनी बात साफ की। कई टिप्पणियों में उनके रुख को मानवीय बताया गया और फिलिस्तीन के समर्थन में उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की गई।

अभिनेत्री की निजी जिंदगी

काम के मोर्चे पर स्वरा हाल ही में अपने पति और राजनेता फहाज अहमद के साथ रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' में नजर आई थीं। इस कार्यक्रम में वास्तविक जीवन के चर्चित जोड़ों को विभिन्न चुनौतियों और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेते दिखाया गया। स्वरा भास्कर अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए जानी जाती हैं। यही बात कभी-कभी उन्हें विवादों में भी ले आती है। लेकिन इस ताजा मामले में उन्होंने आलोचना से बचने की बजाय सीधे सफाई देने का रास्ता चुना।