
विक्रांत मैसी की हुई मिर्जापुर फिल्म से छुट्टी
Vikrant Massey On Mirzapur movie: मिर्जापुर के फैंस के लिए एक तरफ जहां बड़ी खुशखबरी है, वहीं दूसरी तरफ एक थोड़ा मायूस करने वाला अपडेट भी सामने आया है। बेहद लोकप्रिय वेब सीरीज रही मिर्जापुर अब लोगों के बीच फिल्म के रुप में आने वाली है। 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur: The Movie) इसी साल सितंबर में बड़े पर्दे पर तहलका मचाएगी। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर ने सोशल मीडिया पर आते ही धूम मचा दी है। फैंस मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु और कंपाउंडर यानी अभिषेक बनर्जी जैसे किरदारों की वापसी का जश्न मना रहे हैं। लेकिन इस बीच, सभी को बबलू पंडित यानी विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) की कमी सबसे ज्यादा खल रही है। जहां हर कोई इस पर सवाल उठा रहा था वहीं अब खुद विक्रांत मैसी का भी दर्द छलका है।
फिल्म में बब्लू पंडित का किरदार तो वापस आ रहा है, लेकिन अब इस रोल में विक्रांत मैसी नजर नहीं आएंगे। उनकी जगह अब 'पंचायत' फेम जितेंद्र कुमार (Jitendra Kumar) इस आइकॉनिक किरदार को निभाते हुए दिखेंगे। विक्रांत ने शो के सबसे यादगार किरदार को क्यों छोड़ा, इसकी वजह तो अभी सामने नहीं आई है, लेकिन हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान विक्रांत ने मिर्जापुर से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को ताजा किया और कई खुलासे भी किए।
एक बातचीत में विक्रांत ने मुस्कुराते हुए कहा, "काश उन्होंने मुझे (सीरीज में) मारा न होता।" उन्होंने आगे कहा कि उन्हें आज भी लगता है कि बबलू पंडित की कहानी थोड़ी और आगे बढ़नी चाहिए थी। विक्रांत ने बताया कि जब उन्होंने इस शो की शुरुआत की थी, तब उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह शो और उनका किरदार भारतीय पॉप-कल्चर पर इतना बड़ा और गहरा असर छोड़ेगा।
एक्टर ने उस दौर को याद करते हुए बताया कि जब उन्हें 'मिर्जापुर' का ऑफर मिला था, तब यह कुछ जुनूनी लोगों का एक ग्रुप था जो कैमरे के आगे और पीछे मिलकर कुछ अलग बनाना चाहता था। विक्रांत ने बताया कि उन्हें आज भी याद है कि जिस दिन यह शो रिलीज हुआ, वह लखनऊ में अपनी अगली फिल्म 'रामप्रसाद की तेरहवीं' की शूटिंग कर रहे थे।
उन्होंने कहा, "मैं सुबह 6:30 बजे सेट पर पहुंच गया था। लेकिन शाम होते-होते लोकेशन के बाहर भारी शोर सुनाई देने लगा। डायरेक्टर और टीम को शूटिंग करने में दिक्कत आ रही थी क्योंकि बाहर 200 से 300 लोगों की भीड़ जमा हो चुकी थी। हर तरफ खबर फैल गई थी कि बबलू भैया यहां आए हुए हैं।" विक्रांत के मुताबिक, शो के प्रीमियर के महज 17-18 घंटों के भीतर लोगों का यह पागलपन देखकर वह दंग रह गए थे। लोग उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे और सेल्फी मांग रहे थे, तब जाकर पूरी टीम को अहसास हुआ कि उन्होंने वाकई कुछ ऐतिहासिक बना दिया है।
Updated on:
28 Jun 2026 07:05 am
Published on:
28 Jun 2026 06:51 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
