
पीएम मोदी ने दिया जीत का ऐसा फार्मूला, विपक्षी दलों में मचा हड़कंप
बुलंदशहर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बूथ स्तरीय पार्टी के कार्यकर्ताओं से नमो एप के जरिए संवाद साधा। इस दौरान उन्होंने पीएमओ से ऑनलाइन होते हुए 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' के फार्मूले को भी साझा किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने हाथ उठाकर बुलंदशहर के पार्टी कार्यकर्ताओं से यह भी जाना कि वह इस ऐप को इस्तेमाल कर रहे हैं या नहीं। अपने संवाद में ऑनलाइन होते हुए जिले के कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं को दीपावली की अग्रिम बधाइयां भी दीं।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नमो एप के जरिए पांच राज्यों के अलग-अलग पांच लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस मौके पर पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में छत्तीसगढ़ के कोरबा के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया गया। उसके बाद यूपी के बुलंदशहर का नम्बर आया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता पूरी तरह अनुशासित बने रहे। बुलंदशहर के बाद उन्होंने अन्य राज्यों का रुख किया। जहां उन्होंने कोटा, सीकर और टीकमगढ़ के महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया। पीएम मोदी ने सभी की जिज्ञासा शांत करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए।
इस दौरान बुलंदशहर में बूथ कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखा गया, जिस वक्त पीएम नमो एप के जरिए बीजेपी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे थे। उस वक्त बुलंदशहर में नुमाइश ग्राउंड में स्थित रविंद्र नाट्यशाला में जिले के सांसद भोला सिंह, सदर विधायक विरेंद्र सिरोही, सिकंदराबाद की विधायक विमला सोलंकी, खुर्जा विधायक विजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, जिला अध्यक्ष हिमांशु मित्तल समेत जिले के तमाम भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी के अधिकतर ब्लॉक स्तरीय और बूथ स्तरीय कमेटियों के सदस्य भी मौजूद थे। इस दौरान बुलंदशहर जिले के बीवी नगर क्षेत्र की सठला निवासी बूथ कार्यकर्ता ममता सैनी ने पीएम मोदी से देश की प्रगति के बारे में सवाल किया, जिसका पीएम मोदी ने जवाब दिया।
इस दौरान जिले के दो ही कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री रूबरू हो पाए। हालांकि प्रधानमंत्री ने जब बुलंदशहर का नाम आया तो स्थानीय सांसद और सभी विधायकों का नाम लेते हुए यहां सत्ता में आने से पहले जब प्रचार के लिए आए थे उसका जिक्र करना भी नहीं भूले। बुलंदशहर के बूथ कार्यकर्ताओं ने मोदी का तालियां बजाकर अभिवादन भी किया। पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान मेरा बूथ, सबसे मजबूत के नारे के साथ संबोधन शुरू किया।
मंच पर पूरी तरह जिले के सांसद भोला सिंह खुद पूरे समय बिना बैठे व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम के बाद नाखुश और मायूस नजर आए। उनका कहना था कि वे भी पीएम से बतौर कार्यकर्ता रूबरू होना चाहते थे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। इसको लेकर उन्होंने स्थानीय नेताओं के सामने नाराजगी भी जाहिर की। हालांकि बेहतर मैनेजमेंट में माहिर स्थानीय युवा सांसद डॉक्टर भोला सिंह और जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल ने कार्यकर्ताओं को समझाकर मना लिया।
Published on:
04 Nov 2018 10:52 am
बड़ी खबरें
View Allबुलंदशहर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
