
कापरेन. कस्बे में सोमवार को भारतीय युवा शक्ति पार्टी का महासम्मेलन हुआ। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मीठा लाल जैन ने कहा कि देश का अन्नदाता आजादी के बाद से ही समस्या से जूझता आ रहा है।कई तरह की समस्याओं के चलते आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा हैं। यह सिलसिला थमना चाहिए।
जैन ने कहा कि आजादी के बाद से जो भी सरकारे आई उन्होंने किसानों के हित के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई। इसलिए अब राज्य की जनता विकल्प ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय युवा शक्ति पार्टी की सरकार बनी तो किसानों का कर्जा माफ करेंगे। बिजली माफ की जाएगी। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले यह सुनिश्चित किया जाएगा। बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाए जाएंगे और रोजगार नहीं मिला तो बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
महिलाओं को पेंशन 2 हजार रुपए प्रतिमाह दिया जाएगा। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रूप सिंह डोई ने कहा कि किसानों को आर्थिक आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पहले भी लोकसभा में किसानों की समस्या उठाई हैं। अब राजस्थान में बदलाव होना चाहिए।
दोनों प्रमुख दलों को लोग देख चुके हैं और किसानों, आमजन के विकास के लिए विकल्प होना जरूरी है। महासम्मेलन में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि महिलाओं की वर्तमान स्थिति में सुधार लाएंगे। महिलाएं अपने आप को सुरक्षित समझे ऐसे प्रयास करेंगे। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष जैन का कस्बे की मुख्य सडक़ों पर स्वागत किया गया। मंच पर जिलाध्यक्ष राजेश मेघवाल के सानिध्य में पुष्पहार पहनाया।
युवा प्रदेशाध्यक्ष मुरलीराम गुर्जर, सीमा सिंह, रूप सिंह डोई आदि का जिलाध्यक्ष मेघवाल सहित रामकुवार गुर्जर, सांवरा गुर्जर, सुरेश मीणा, पिंटू गुर्जर, हरिनंदन गुर्जर, राजेन्द्र, सुरेन्द्र, कांति प्रकाश आदि ने साफा बांधकर स्वागत किया।सभी में कस्बे सहित आस-पास के गांवों से भी लोग शामिल हुए।
Published on:
15 May 2018 12:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
