
पीएम स्वनिधि योजना 2.0 (फोटो-पत्रिका)
बूंदी। केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 'प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0' के तहत शहरी क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडर्स, ठेला चालकों, भवन निर्माण श्रमिकों और गिग वर्कर्स को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। योजना के तहत जरूरतमंदों को सस्ती ब्याज दरों पर बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। यह योजना पूरे देश में चल रही है, ऐसे में देश का कोई भी पात्र नागरिक योजना में लाभ के लिए आवेदन कर सकता है।
नगर परिषद की जिला परियोजना अधिकारी शालिनी जैन ने बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थी कुल 90,000 रुपए तक के ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह ऋण तीन चरणों में दिया जाएगा। इसके तहत प्रथम चरण में 15,000 रुपए, द्वितीय चरण में 25,000 रुपए तथा तृतीय चरण में 50,000 रुपए का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को सरकार की ओर से 7 प्रतिशत की ब्याज सब्सिडी भी दी जाएगी। साथ ही, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे और डिजिटल लेनदेन पर कैशबैक का लाभ भी मिलेगा।
जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए केंद्र सरकार की 9 अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। इनमें पीएम जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, श्रमयोगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड और पीएम आवास योजना भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक और पात्र वेंडर्स आवेदन के लिए नगर परिषद बूंदी के कुम्भा स्टेडियम स्थित कार्यालय या किसी भी कॉमन सर्विस सेंटर पर संपर्क कर सकते हैं।
Published on:
06 Feb 2026 04:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
