
मिड कैप म्यूचुअल फंड्स ने अच्छा रिटर्न दिया है। (PC: AI)
Best Mutual Fund Schemes: मिड कैप फंड्स एक बार फिर उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। पिछले एक, तीन और पांच साल के आंकड़े बताते हैं कि डायवर्सिफाइड इक्विटी कैटेगरी में मिड कैप म्यूचुअल फंड्स ने सबसे बेहतर परफॉर्म किया है। यही वजह है कि इनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। सेक्टोरल और थीमैटिक फंड्स को छोड़कर अन्य इक्विटी म्यूचुअल फंड कैटेगरीज को देखें, तो मिड कैप फंड्स ने सभी को पीछे छोड़ दिया। इन फंड्स ने पिछले एक साल में औसतन 4.04 फीसदी रिटर्न दिया। वहीं, तीन साल में 17.98 फीसदी सालाना और पांच साल में 15.77 फीसदी सालाना औसत रिटर्न दिया है।
रिटर्न के मामले में स्मॉल कैप फंड सबसे करीब रहे। इनका औसत रिटर्न एक साल में 2.92 फीसदी, तीन साल में 16.62 फीसदी सालाना और पांच साल में 15.30 फीसदी सालाना रहा। वहीं, मल्टी कैप फंड्स ने क्रमशः 1.08 फीसदी, 14.71 फीसदी और 13.36 फीसदी का औसत रिटर्न दिया। वैल्यू फंड्स का प्रदर्शन भी इससे थोड़ा कमजोर रहा और उन्होंने एक, तीन और पांच साल में क्रमशः 0.96 फीसदी, 13.69 फीसदी और 12.77 फीसदी का औसत रिटर्न दिया।
रिटेल निवेशकों के बीच लोकप्रिय फ्लेक्सी कैप फंड्स का पिछले एक साल का औसत रिटर्न -0.54 फीसदी रहा। वहीं, लार्ज कैप फंड्स ने -1.84 फीसदी का औसत रिटर्न दिया। ELSS फंड्स ने भी एक साल की अवधि में निगेटिव रिटर्न दिया। हालांकि, तीन और पांच साल के लंबे निवेश में इन कैटेगरीज ने डबल डिजिट का सालाना रिटर्न दिया।
एक साल के रिटर्न की बात करें तो HSBC Midcap Fund सबसे आगे रहा। इस फंड ने 15.76 फीसदी रिटर्न देकर अपनी कैटेगरी और बेंचमार्क दोनों को पीछे छोड़ दिया। वहीं, Nippon India Growth Mid Cap Fund, Mirae Asset Midcap Fund, Kotak Midcap Fund और HDFC Mid Cap Fund ने भी पॉजिटिव रिटर्न दिया। दूसरी तरफ Motilal Oswal Midcap Fund ने एक साल में 5.63 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया।
अगर नियमित SIP के जरिए निवेश करने वाले निवेशकों की बात करें, तो तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है। पिछले तीन साल में Invesco India Mid Cap Fund ने 19.61 फीसदी सालाना SIP रिटर्न के साथ पहला स्थान हासिल किया। दूसरे नंबर पर HSBC Midcap Fund रहा, जिसने 18.85 फीसदी रिटर्न दिया। तीसरे स्थान पर WhiteOak Capital Mid Cap Fund रहा, जिसका SIP रिटर्न 17.64 फीसदी रहा।
पांच साल की एसआईपी परफॉर्मेंस में भी Invesco India Mid Cap Fund ने बाजी मारी। इसने 22.59 फीसदी सालाना SIP रिटर्न दिया। वहीं HSBC Midcap Fund ने 21.65 फीसदी का रिटर्न दर्ज किया। इसके अलावा एडेलवाइस मिड कैप फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल मिडकैप फंड, निप्पॉन इंडिया ग्रोथ मिड कैप फंड, Mahindra Manulife मिडकैप फंड और एचडीएफसी मिड कैप फंड ने भी पांच साल में करीब 19 फीसदी सालाना SIP रिटर्न दिया।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
24 Jul 2026 05:21 pm
Published on:
24 Jul 2026 05:21 pm
