22 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Property Market in Mumbai: बॉलीवुड स्टार्स में मची समुद्र किनारे घर खरीदने की होड़, रणवीर सिंह से लेकर अक्षय कुमार तक जानिए किसने कितने में खरीदी प्रॉपर्टी

Bollywood Celebrities Property: मुंबई के बांद्रा, पाली हिल, वर्ली, जुहू और वर्सोवा जैसे इलाके बॉलीवुड स्टार्स की पहली पसंद बने हुए हैं। सी फेसिंग वाल घरों की डिमांड लगातार बढ़ रही है, जिससे इनकी कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jul 31, 2026

Mumbai Luxury Homes

मुंबई में लग्जरी घरों की कीमतें कई गुना बढ़ गई हैं। (PC: AI)

Real Estate Market in Mumbai: बॉलीवुड इंडस्ट्री में इन दिनों सिर्फ फिल्मों की नहीं, बल्कि लग्जरी घरों की भी जबरदस्त चर्चा है। मुंबई के कुछ चुनिंदा इलाकों में ऐसा लगता है जैसे बॉलीवुड स्टार्स के बीच सबसे शानदार घर खरीदने की होड़ लगी हो। समुद्र का नजारा, प्राइवेसी और हाई-प्रोफाइल नेबर्स के लिए ये लोग करोड़ों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे। बांद्रा वेस्ट, पाली हिल, वर्ली, जुहू और वर्सोवा ऐसे इलाके हैं, जहां घर मिलना ही बड़ी बात है। अगर घर का गेट समुद्र की तरफ खुलता हो, तो उसकी कीमत कई गुना बढ़ जाती है।

समुद्र दिखता है तो बढ़ जाती है कीमत

मुंबई में नई ऊंची इमारतें बन सकती हैं, लेकिन नई समुद्री तटरेखा नहीं बनाई जा सकती। यही वजह है कि सी-फेसिंग घरों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे घरों की संख्या सीमित है और हर बिक्री के बाद विकल्प और कम हो जाते हैं। बांद्रा वेस्ट का बैंडस्टैंड और कार्टर रोड समुद्र के शानदार नजारों के लिए मशहूर हैं। वहीं, पाली हिल हरियाली, शांत माहौल और सेलिब्रिटी नेबर्स के कारण सबसे पसंदीदा इलाकों में गिना जाता है।

क्या चल रही हैं कीमतें

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाली हिल में घरों की कीमत करीब 67 हजार रुपये से 1.42 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट तक बताई जाती है। वहीं कार्टर रोड और बैंडस्टैंड पर समुद्र की ओर खुलने वाले फ्लैट 80 हजार रुपये से लेकर 1.38 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट या उससे भी ज्यादा कीमत पर बिक रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि 2016 में सी-फेसिंग घरों का प्रीमियम करीब 30% था, जो अब बढ़कर 50% से 75% तक पहुंच चुका है।

रणवीर सिंह ने खरीदा 119 करोड़ रुपये का घर

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह ने बैंडस्टैंड स्थित 'सागर रेशम' में 119 करोड़ रुपये का Quadruplex खरीदा है। यह घर शाहरुख खान के मशहूर बंगले 'मन्नत' के पास है। करीब 11,266 वर्ग फुट में फैले इस घर में 1,300 वर्ग फुट की टैरेस और प्राइवेट लिफ्ट जैसी सुविधाएं हैं। बाद में दीपिका पादुकोण की कंपनी ने इसी इमारत में करीब 17.8 करोड़ रुपये का एक और फ्लैट खरीदा, जिससे इस फैमिली को बिल्डिंग में और ज्यादा जगह मिल गई।

जॉन अब्राहम और कृति सेनन ने भी लगाए बड़े दांव

जॉन अब्राहम ने सेंट मार्टिन रोड पर लगभग 100 साल पुराना एक बंगला 84 करोड़ रुपये में खरीदा। करीब 11 हजार वर्ग फुट में फैली इस प्रॉपर्टी पर उन्हें सिर्फ स्टांप ड्यूटी के रूप में ही करीब 5 करोड़ रुपये चुकाने पड़े। इससे पहले वे खार में भी 70.83 करोड़ रुपये का बंगला खरीद चुके हैं। वहीं, कृति सेनन ने पाली हिल में 6,636 वर्ग फुट का सी-फेसिंग पेंटहाउस करीब 78.2 करोड़ रुपये में खरीदा है।

250 करोड़ रुपये का रणबीर-आलिया का बंगला

पाली हिल में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का छह मंजिला 'कृष्णा राज' बंगला भी चर्चा में रहता है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 250 करोड़ रुपये बताई जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बंगले में वर्टिकल गार्डन, स्विमिंग पूल और बेटी राहा के लिए अलग पूरा फ्लोर बनाया गया है। इसके अलावा आलिया भट्ट के पास जुहू में करीब 13.11 करोड़ रुपये का एक अपार्टमेंट भी है।

वर्ली बना लग्जरी प्रॉपर्टी का नया हॉटस्पॉट

वर्ली अब सिर्फ महंगे घरों के लिए नहीं, बल्कि बेहतर कनेक्टिविटी के लिए भी जाना जाता है। बांद्रा-वर्ली सी लिंक और कोस्टल रोड बनने के बाद यहां से साउथ मुंबई तक पहुंचना काफी आसान हो गया है। यहां औसतन घरों की कीमत करीब 75 हजार रुपये प्रति वर्ग फुट है। जबकि प्रीमियम सी-फेसिंग टावरों में यह 1 लाख से 1.5 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच जाती है।

'थ्री सिक्स्टी वेस्ट' जैसी लग्जरी इमारत में शाहिद कपूर और अभिषेक बच्चन जैसे स्टार्स ने घर खरीदे हैं। वहीं, अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना ने इसी प्रोजेक्ट में अपना 6,830 वर्ग फुट का फ्लैट करीब 80 करोड़ रुपये में बेच दिया। बताया जाता है कि इस निवेश पर उन्हें करीब 117% का रिटर्न मिला।

जुहू और वर्सोवा भी तेजी से बन रहे पसंदीदा ठिकाने

जुहू आज भी बॉलीवुड का मुख्य एड्रेस माना जाता है। यहां समुद्र तट के साथ अपेक्षाकृत बड़े घर हैं। औसतन करीब 57,600 रुपये प्रति वर्ग फुट की कीमत इस जगह को आकर्षक बनाती है। वहीं, वर्सोवा अब तेजी से उभरता हुआ लग्जरी रियल एस्टेट हब बन रहा है। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने यहां गोदरेज स्काईशोर में 2,644 वर्ग फुट का अपार्टमेंट करीब 18.29 करोड़ रुपये में खरीदा है। इसी प्रोजेक्ट में अभिनेत्री तब्बू ने भी 10 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का घर खरीदा है। मुंबई की लग्जरी प्रॉपर्टी का बाजार फिलहाल यही कहानी कह रहा है कि बॉलीवुड स्टार्स के लिए घर अब सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि पहचान, निवेश और स्टेटस सिंबल भी बन चुका है।