
Dhoot Transmission के शेयर ने लिस्टिंग पर 38% का मुनाफा दिया। (फोटो: Freepik)
Dhoot Transmission Share Listing Price: ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी धूत ट्रांसमिशन (Dhoot Transmission) के शेयर ने सोमवार को शेयर बाजार में जोरदार शुरुआत की। NSE पर शेयर 1,200 रुपये और BSE पर 1,193.80 रुपये पर लिस्ट हुआ। यानी शेयर IPO के ऊपरी भाव 871 रुपये के मुकाबले NSE पर करीब 37.77 फीसदी और BSE पर 37.06 फीसदी की बढ़त के साथ शेयर बाजार में उतरा। यह आईपीओ 74.21 गुना सब्सक्राइब किया गया था।
धूत ट्रांसमिशन के IPO का प्राइस बैंड 829 से 871 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। इसके बाद सोमवार को BSE पर इसकी शुरुआत 1,193.80 रुपये प्रति शेयर से हुई। हालांकि, इसके बाद शेयर में थोड़ी मुनाफावसूली देखी गई। सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर शेयर की कीमत में 3.50 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। फिर भी आईपीओ निवेशकों को इस शेयर में 32.18 फीसदी या 278.50 रुपये का मुनाफा होता दिखा।
आईपीओ मेंं संस्थागत निवेशकों यानी QIB का कोटा 212.92 गुना सब्सक्राइब हुआ। गैर-संस्थागत निवेशकों यानी NII का हिस्सा 51.93 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 8.12 गुना सब्सक्राइब हुआ। IPO खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 918.3 करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें ब्लैकरॉक, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और SBI म्यूचुअल फंड्स शामिल थे।
IPO की लिस्टिंग से पहले धूत ट्रांसमिशन का ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP 258 रुपये था। 871 रुपये के ऊपरी इश्यू भाव में इसे जोड़ने पर अनुमानित कीमत 1,129 रुपये बनती थी, जो IPO भाव से 29.62 फीसदी ज्यादा थी। लेकिन शेयर ने BSE पर लिस्टिंग के समय 1,129 रुपये के मुकाबले 64.80 रुपये का अतिरिक्त मुनाफा दिया।
1999 में स्थापित धूत ट्रांसमिशन का मुख्यालय औरंगाबाद, महाराष्ट्र में है। कंपनी वायरिंग हार्नेस, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर और कंट्रोलर, ऑटोमोटिव स्विच, पावर कॉर्ड, केबल, कनेक्टर और टर्मिनल बनाती है। इसके उत्पाद दोपहिया, तिपहिया, कमर्शियल और ऑफ-रोड वाहनों के अलावा अर्थ मूवर्स, कृषि उपकरण, मेडिकल डिवाइस और घरेलू उपकरणों में इस्तेमाल होते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
17 Aug 2026 11:16 am
Published on:
17 Aug 2026 11:16 am
